आजादी के बाद पहली बार केतार गांव में पहुंची बिजली, पूजा-अर्चना और फीता काटकर हुई शुरुआत

360° Ek Sandesh Live

By Ranjan

सिमडेगा : सदर प्रखंड अंतर्गत तामड़ा पंचायत के केतार गांव में शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। आजादी के बाद पहली बार गांव में बिजली पहुंची। ट्रांसफार्मर चालू होने से पहले ग्रामीणों ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और फीता काटकर बिजली आपूर्ति का शुभारंभ किया। इसके बाद ट्रांसफार्मर में बिजली प्रवाहित होते ही पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से गांव बिजली सुविधा से वंचित था। बिजली आने से अब बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य और अन्य जरूरी कामकाज में काफी सहूलियत होगी। लोगों ने इस दिन को गांव के इतिहास का एक यादगार पल बताया।मौके पर उपस्थित वार्ड सदस्य राहुल मिश्रा ने कहा कि गांव के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग आज पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि बिजली किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारभूत जरूरत है और इसके आने से केतार गांव के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने इस कार्य में सहयोग करने वाले सभी लोगों और विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए कहा कि अब गांव में भी विकास की रोशनी पहुंच चुकी है। पूजा-अर्चना और फीता काटकर शुरू हुई इस नई शुरुआत को लेकर पूरे गांव में उत्साह का माहौल बना रहा। लोगों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में गांव को अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा।

Spread the love