रिपोर्ट-अशोक अनन्त
चतरा : चतरा सिविल सर्जन कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में मंगलवार पिरामल फाउंडेशन सांगम कोलैबोरेटिव टीम के सहयोग से आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में चतरा जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों , जिला अस्पताल व अनुमंडलीय अस्पताल से फार्मासिस्ट, स्टोर कीपर, हॉस्पिटल मैनेजर व ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में दवाओं व ं आवश्यक स्वास्थ्य सामग्रियों की उपलब्धता, उचित भंडारण, स्टॉक प्रबंधन, मांग एवं आपूर्ति की बेहतर योजना तथा आपूर्ति श्रृंखला को अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में प्रतिभागियों की क्षमता को सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन, चतरा के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाओं एवं स्वास्थ्य सामग्रियों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने में प्रभावी आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. प्रदीप कुमार ने आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन व डीवीडीएमएस के प्रभावी उपयोग तथा स्वास्थ्य संस्थानों में दवाओं एवं आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रशिक्षण का संचालन एवं सहजीकरण पिरामल फाउंडेशन सांगम कोलैबोरेटिव टीम के डॉ. रोहिणी, श्री रितेश, श्री अभिनंदन, श्री अबिद, श्री मोहित, श्री हरिओम, सुश्री आकृति एवं सुश्री मोनिका द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई तथा प्रतिभागियों के साथ स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों और उनके समाधान पर भी विचार-विमर्श किया गया।
