आरएसएस कार्यालय पर हमला चिंताजनक : सुदेश महतो

360° Ek Sandesh Live

By Sunil

रांची: आजसू पार्टी प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय पर पेट्रोल बम से हुए हमले को अत्यंत निंदनीय, चिंताजनक और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार बताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना झारखंड की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते मनोबल की गंभीर तस्वीर प्रस्तुत करती है। जब वैचारिक, सामाजिक एवं राष्ट्रीय चेतना से जुड़े संस्थान भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर स्वाभाविक रूप से गंभीर सवाल खड़े होते हैं। श्री महतो ने कहा कि आज झारखंड में अपराधियों, माफिया और अराजक तत्वों के हौसले बुलंद हैं, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई प्रतीत होती है। शासन की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा नहीं, बल्कि अपनी विफलताओं पर पर्दा डालना हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को विवश है।श्री महतो ने कहा कि राज्य सरकार इस हमले की त्वरित, निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश करे तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Spread the love