आरपीएफ जवानों ने महिला की बचाई जान

360° Crime Ek Sandesh Live States

महिला चलती ट्रेन से उतरने की कर रही थी कोशिश

Eksandeshlive Desk

पलामू: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) जवानों की तत्परता से एक अधेड़ महिला की जान बच गयी। महिला चलती ट्रेन से डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर उतरने की कोशिश कर रही थी। लेकिन फंसकर रह गयी। जवानों ने दौड़ लगाकर महिला को प्लेटफार्म पर खींचा। यह पूरा घटनाक्रम स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। महिला की पहचान गढ़वा जिले के सेमौरा गांव की रहने वाली मीरा देवी के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि बुधवार को बरकाकाना-वाराणसी पैसेंजर ट्रेन 03359 सुबह 10.3 बजे डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। 10.7 बजे ट्रेन खुल गयी थी। चलती ट्रेन से महिला उतरने की कोशिश कर रही थी और उतर नहीं पाने के कारण उसके शरीर का अधिकांश हिस्सा प्लेटफार्म पर घिसटाने लगा था। जवानों ने जब महिला को इस हालत में देखा तो उसने तेज दौड़ लगायी और अन्य यात्रियों एवं एक अन्य जवान की मदद से महिला की जान बचाई। महिला को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं लगी है। महिला की जान बचाने वाले जवान अर्जुन प्रसाद और श्रीनाथ राम हैं। आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि दोनों जवानों ने सुझ बूझ दिखाते हुए और बहादुरी से महिला यात्री की जाना बचाई।