Eksandeshlive Desk
अबू धाबी: रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच दो दिन चलने वाली बातचीत मंगलवार से यहां शुरू हो गई। इस त्रिपक्षीय बातचीत में यूरोप का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं है। रूसी समाचार एजेंसी स्पुतनिक की रिपोर्ट में यह जानकारी देते हुए बताया गया कि इस बातचीत की शुरुआत संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री अब्दुल्ला बिन जायद अल नाह्यान ने की। इसके बाद तीनों प्रतिनिधिमंडलों के राजनयिकों ने स्वागत भाषण दिया। इसके बाद नाह्यान बातचीत वाले कमरे से बाहर चले गए और चर्चा बंद दरवाजों के पीछे शुरू हुई। संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में बंद कमरे में हुई शुरू हुई इस बातचीत से पहले रूस और अमेरिका के साथ यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल ने ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) और यूरोपीय आयोग के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस बैठक में अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकोफ और जेरेड कुशनर भी शामिल हुए।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका, यूक्रेन और रूस के बीच शांति वार्ता का यह नया दौर है। ट्रंप प्रशासन लगभग पांच साल से चल रहे इस संघर्ष को खत्म करने की कोशिश में फिर से जुट गया है। उसने इसकी बिनाह पर मॉस्को को कई बड़ी रियायतें देने की घोषणा भी की है। यह बातचीत फरवरी के बाद पहली बार हो रही है। रूस की इच्छा थी कि यह वार्ता पूरी तरह से तीन पक्षों (अमेरिका, यूक्रेन और रूस) के बीच ही रहे। इसलिए यूरोप का कोई प्रतिनिधि बैठक में मौजूद नहीं है। हालांकि, कई यूरोपीय देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, नाटो और यूरोपीय संघ के अधिकारी भी अलग-अलग बैठकों के लिए संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में मौजूद हैं। बातचीत शुरू होने से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद और वार्ताकार जेरेड कुशनर ने कहा, “हम बातचीत के जरिए एक ऐसा समाधान खोजने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, जिससे स्थायी शांति आ सके और एक संप्रभु, सुरक्षित और समृद्ध यूक्रेन के लिए हालात बन सकें।” अमेरिकी अधिकारियों ने इस रुख को दोहराते हुए कहा कि बातचीत युद्ध को खत्म करने की दिशा में एक नई शुरुआत है। इसमें सुरक्षा गारंटी और युद्ध के बाद की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा शामिल होगी। रूस की सिर्फ त्रिपक्षीय वार्ता की जिद पर यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्लास ने कहा कि उन्हें ऐसे कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं कि मॉस्को ईमानदारी से बातचीत करने के लिए तैयार है।
इस बीच, अमेरिकी अधिकारी ने यह भी कहा कि शांति वार्ता के हिस्से के रूप में अमेरिका की ओर से सुरक्षा गारंटी दी जाएगी या नहीं, इसका फैसला ट्रंप ही करेंगे। एक अधिकारी के अनुसार बातचीत का नेतृत्व अमेरिका की ओर से कुशनर और मध्य पूर्व के लिए विशेष दूत स्टीव विटकॉफ प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वहां के विदेशी खुफिया प्रमुख और मुख्य वार्ताकार रुस्तम उमेरोव कर रहे हैं। न्यूज एजेंसी तास के अनुसार रूस ने अपने प्रतिनिधिमंडल में उप विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव और मिखाइल गलुज़िन को भेजा है। क्रेमलिन के सहयोगी व्लादिमीर मेडिंस्की, सैन्य खुफिया प्रमुख इगोर कोस्त्युकोव और जनरल स्टाफ के सदस्य यूरी झिगारलोव्स्की भी बातचीत में शामिल हैं। यूक्रेन के मुख्य वार्ताकार उमेरोव ने बैठक शुरू होने से पहले कहा कि ई 4 समूह (यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, जर्मनी और इटली) के प्रतिनिधि, साथ ही नाटो और यूरोपीय आयोग के अधिकारी भी अबू धाबी में मौजूद रहेंगे। उमेरोव ने कहा, “हम अपने यूरोपीय साझेदारों के साथ अलग-अलग समन्वय बैठकें करेंगे।” अबू धाबी में यूरोपीय अधिकारियों की मौजूदगी के बारे में पूछे जाने पर क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि कीव और वाशिंगटन के साथ यूरोप के अपने संवाद चैनल हैं। उन्होंने यह दोहराया कि यह “रूस और यूक्रेन के बीच एक त्रिपक्षीय वार्ता है। इसमें अमेरिका मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है।”
हालांकि फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने रविवार को फ्रांसीसी मीडिया से कहा था, “इस बातचीत में यूरोपीय देशों का प्रतिनिधित्व अच्छी तरह से होगा।” उन्होंने कहा कि हमने अमेरिकी मध्यस्थ से स्पष्ट कर दिया है कि महाद्वीप के भविष्य को प्रभावित करने वाली किसी भी चर्चा में हमारी अपेक्षाओं और मांगों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अटलांटिक काउंसिल के यूरेशिया सेंटर के वरिष्ठ निदेशक और यूक्रेन में अमेरिका के पूर्व राजदूत जॉन हर्बस्ट ने कहा कि अबू धाबी वार्ता से बहुत ज्यादा उम्मीदें नहीं रखनी चाहिए। हर्बस्ट ने पिछले हफ्ते लिखा था, “यह बातचीत सिर्फ इसलिए हो रही है क्योंकि पुतिन चाहते हैं कि ट्रंप को यूक्रेन से दूरी बनाए रखने का एक और कारण मिल जाए।” उल्लेखनीय है कि यूक्रेन पर रूस के आक्रमण को अब पांचवां वर्ष चल रहा है। युद्ध के मैदान में कोई बड़ी सफलता न मिल पाने के कारण मॉस्को ने हवाई हमले तेज कर दिए हैं। यह यूक्रेन के लोगों के लिए घातक साबित हो रहा है। पिछले सोमवार को रूस ने जापोरिजिया में एक स्कूल की इमारत पर कई बम गिराए। इस इमारत का इस्तेमाल लोगों को आश्रय देने और सहायता केंद्र के रूप में किया जा रहा था। इस हमले में कम से कम 55 लोग मारे गए। इस साल अब तक रूसी हमलों में 2,700 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।
