रांची : पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद के आवास आवंटन से जुड़े विवाद को लेकर झारखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। धुर्वा स्थित अपने पूर्व आवास के बाहर टेंट लगाकर रहने को मजबूर अम्बा प्रसाद के समर्थन में बुधवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनसे मुलाकात की। इसी क्रम में लोकहित अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हरिनाथ साहू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलने पहुंचे और इस मुश्किल घड़ी में उनके प्रति एकजुटता जाहिर करते हुए हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। इस दौरान हरिनाथ साहू ने कहा कि अम्बा प्रसाद अत्यंत पिछड़ा वर्ग से आने वाली महिला पूर्व विधायक हैं और झारखंड में विस्थापितों की आवाज को मुखरता से उठाने वाली नेताओं में उनकी पहचान है। ऐसी स्थिति में उनके साथ जो घटनाक्रम सामने आया है, वह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और यदि किसी सरकारी आवास को खाली कराने अथवा आवंटन से संबंधित कोई कार्रवाई की जाती है, तो उसमें निर्धारित नियमों एवं उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन अनिवार्य रूप से होना चाहिए। हरिनाथ साहू ने कांग्रेस पार्टी और राज्य सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस को इस मामले में खुलकर अम्बा प्रसाद के समर्थन में सामने आना चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि ऐसा प्रतीत होता है कि केवल अम्बा प्रसाद के परिवार को निशाना बनाकर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अम्बा प्रसाद पूर्व विधायक होने के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय सचिव भी हैं। ऐसे में पार्टी को उनके साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राजनीतिक विचारधाराएं अपनी जगह हैं, लेकिन जब किसी व्यक्ति के साथ अन्याय का सवाल हो, तो सभी को मानवीय आधार पर एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। लोकहित अधिकार पार्टी इस पूरे मामले में अम्बा प्रसाद के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय मिलने तक पार्टी का संघर्ष एवं समर्थन जारी रहेगा। इस दौरान झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो, रामा खलखो सहित अन्य नेता भी अम्बा प्रसाद से मिलने पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने भी पूरे मामले पर चिंता व्यक्त की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि बिना पूर्व सूचना या नोटिस दिए किसी का आवास खाली कराना उचित नहीं है। इस तरह की कार्रवाई में निर्धारित नियमों और प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार और पार्टी स्तर पर बातचीत कर मामले का जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। मौके पर हरिनाथ साहू ने एक बार फिर दोहराया कि अम्बा प्रसाद को न्याय मिलने तक लोकहित अधिकार पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और उनका समर्थन लगातार जारी रहेगा।
