70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में झारखंड का खाता कांस्य पदक से खुला
Eksandeshlive Desk
राँची: श्रीनगर में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता (SGFI) में झारखंड के खिलाड़ी आदित्य रंजन ने अंडर-17 बालक वुशु के 65 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीतकर राज्य को सत्र का पहला राष्ट्रीय पदक दिलाया। आदित्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर दी और पदक हासिल कर राज्य का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता का आयोजन 15 से 19 अक्टूबर 2026 तक श्रीनगर स्थित गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन, गांदरबल में किया गया। झारखंड की 16 सदस्यीय टीम ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद्, राँची के नेतृत्व में प्रतियोगिता में भाग लिया। टीम के खिलाड़ियों ने कोच एवं मैनेजर सुशील कच्छप, इंदु मुंडा, वासुदेव टोप्पो एवं प्लवी की देखरेख में प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
इस उपलब्धि पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग तथा राज्य खेल कोषांग के सभी सदस्यों ने आदित्य रंजन को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
