अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन ने मोराबादी में किया शिविर का आयोजन

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन, रांची शाखा के तत्वावधान में रविवार को मोराबादी स्थित ऑक्सीजन पार्क (अमर शहीद नीलाम्बर-पीतांबर पार्क) में विशेष योग शिविर का सफल आयोजन किया गया। प्रातः 6:30 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सेवादल सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक सिकंदर कुमार ने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ एवं सशक्त बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करता है।

इस अवसर पर संत अमित सिंह ने उपस्थित मानव मात्र को सद्गुरु का संदेश साझा करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने संत निरंकारी मिशन की विचारधारा को स्पष्ट करते हुए कहा कि वास्तविक योग तब संभव होता है जब मनुष्य ब्रह्मज्ञान के माध्यम से निराकार परमात्मा की पहचान कर उससे आत्मिक जुड़ाव स्थापित करता है। मिशन के अनुसार योग का वास्तविक अर्थ है – स्वयं को परमात्मा से जोड़ना और मानवता, प्रेम, भाईचारे एवं सेवा के मार्ग पर चलना। उन्होंने कहा कि संत निरंकारी मिशन सदैव इस बात पर बल देता है कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन और श्रेष्ठ विचारों का निवास होता है। योग एवं ध्यान के माध्यम से व्यक्ति अपने भीतर सकारात्मक परिवर्तन लाकर समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश प्रसारित कर सकता है। जब योग के साथ अध्यात्म का समन्वय होता है, तब मानव जीवन में संतुलन, शांति एवं संतुष्टि का अनुभव होता है। संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, मानसिक संतुलन, आध्यात्मिक उन्नति एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना था। उपस्थित लोगों ने नियमित योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया तथा ऐसे जनकल्याणकारी आयोजनों के लिए फाउंडेशन की सराहना की। कार्यक्रम का समापन समस्त मानव जाति के स्वास्थ्य, सुख, शांति एवं विश्व कल्याण की मंगलकामना के साथ किया गया।

Spread the love