बाइक की डिक्की से 30 लाख का जेवर उड़ाने वाले दो अपराधी गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू : पलामू जिले के लेस्लीगंज में 20 जून की देर शाम 30 लाख रुपये की जेवर बाइक की डिक्की से गायब करने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस घटना को ओडिशा और आंध्र प्रदेश के अपराधियों ने अंजाम दिया था। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के लादी में किराये के मकान में रहते हुए इस घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने रेकी करने वाले ओडिशा और आंधप्रदेश के एक-एक अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य दो अपराधी ज्वेलरी लेकर फरार हैं। उनकी पहचान हो गयी है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। लेस्लीगंज में ज्वेलरी गायब होने और मेदिनीनगर शहर एवं सदर में सोने की चेन छिनतई की तीन घटनाएं होने पर तेजी से अनुसंधान किया गया। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए चैनपुर के लादी में छापेमारी की गयी। रामजीत शर्मा के घर से दो संदिग्ध को पकड़ा गया। पूछताछ में घटना का खुलासा हुआ।

एसपी ने बताया कि घटना के अगले दिन ज्वेलरी गायब करने वाले दो अपराधी सोने-चांदी के सामान लेकर फरार हो गए थे। ऐसे में गायब हुई ज्यादातर ज्वेलरी नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि पिछले छह माह से रामजीत शर्मा के घर पर अपराधी रह रहे थे। वे बार बार बदल जाते थे। बावजूद मकान मालिक ने इसकी जानकारी नहीं दी, लेकिन पुख्ता सूचना तंत्र के बल पर चार दिनों के भीतर सफलता प्राप्त कर ली गई। दोनों अपराधियों ने लातेहार के मनिका में भी इसी तरह की घटना को अंजाम दिया था। वहां से गायब किए गए आभूषण भी बरामद किए गए हैं। इनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। चोरी गए सोने के 135 ग्राम और चांदी के 1150 ग्राम बने हुए जेवर बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार अपराधियों में आंध्रप्रदेश के विशाखापटनम के नातवरम कोंडा के दुर्गा प्रसाद (27) और ओडिशा के गंजम जिले के असका कोराटोली के आवला बलराम (25) शामिल हैं। इनमें से आवला बलराम के खिलाफ बिहार के मुज्जफरपुर एवं नायागढ थाना में एक-एक आपराधिक मामला दर्ज है। छापेमारी टीम में लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार झा, थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, पुलिस अवर निरीक्षक बिक्रम सिंह, शहर थाना से सुबोध कुमार, सहायक अवर निरीक्षक नबी अंसारी सहित सशस्त्र जवान शामिल थे।