बैंक, ज्वेलरी शॉप और पेट्रोल पंपों में हाई क्वालिटी सीसीटीवी लगाने के निर्देश

360° Crime Ek Sandesh Live

SUNIL KUMAR

साहिबगंज/बरहरवा: जिले के बरहरवा प्रखंड अंतर्गत कोटालपोखर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कोटालपोखर थाना प्रभारी पवन कुमार ने बुधवार को बाजार स्थित बैंक, ज्वेलरी शॉप, पेट्रोल पंप समेत अन्य महत्वपूर्ण व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सुरक्षा ऑडिट किया।

निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की गुणवत्ता, उनकी कार्यशील स्थिति, कैमरों के कवरेज क्षेत्र तथा अन्य सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतिष्ठान संचालकों को उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सभी कैमरों को 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में पुलिस को जांच एवं अपराधियों की पहचान करने में आसानी हो सके।

थाना प्रभारी पवन कुमार ने कहा कि आधुनिक तकनीक अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। बेहतर गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे न केवल अपराधियों की पहचान में सहायक होते हैं, बल्कि संभावित अपराधों पर भी प्रभावी अंकुश लगाने का काम करते हैं। उन्होंने व्यवसायियों एवं आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे हमेशा सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी बिना विलंब पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के आपसी सहयोग से ही सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है। पुलिस प्रशासन की इस पहल का स्थानीय व्यवसायियों एवं नागरिकों ने स्वागत किया। उनका कहना है कि नियमित सुरक्षा ऑडिट, बेहतर निगरानी व्यवस्था और उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरों की स्थापना से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को और मजबूती मिलेगी तथा लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी।

Spread the love