Eksandesh Desk
बालूमाथ: बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड अध्यक्ष की अध्यक्षता में कांग्रेस पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य पूरे प्रखंड और पंचायत स्तर पर ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ हस्ताक्षर अभियान को जन-जन तक पहुँचाना था।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित लातेहार जिला अध्यक्ष कामेश्वर यादव थे।साथ ही साथ सेवा दल जिला अध्यक्ष बृंद बिहारी यादव, एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष रविंद्र राम, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमित यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोतिउर रहमान, वरिष्ठ कांग्रेसी मो जुबैर तथा हेरहंज प्रखंड अध्यक्ष लाडले खान।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे बालूमाथ प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सच्चाई और संविधान की रक्षा के लिए मैदान में उतरी है। जनता अब समझ चुकी है कि किस तरह उनके वोटों की चोरी कर सत्ता पर काबिज लोग लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं। यह हस्ताक्षर अभियान जनता की आवाज़ बनेगा और सत्ता के अहंकार को जवाब देगा।”
जिला अध्यक्ष कामेश्वर यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ रही है। हर पंचायत में जाकर जनता से हस्ताक्षर कराकर भाजपा की तानाशाही नीतियों के खिलाफ जनमत तैयार किया जाएगा। अब जनता ही निर्णायक जवाब देगी।
सेवा दल जिला अध्यक्ष बृंद बिहारी यादव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के संदेश को लेकर घर-घर जाएंगे। हमें जनता को बताना है कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई है। हर कार्यकर्ता को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष रविंद्र राम ने कहा कि भाजपा सरकार ने दलित, पिछड़ों और गरीबों के अधिकारों पर कुठाराघात किया है। हम हर गांव में जाकर यह संदेश देंगे कि अब जनता जाग चुकी है वोट चोरों को सत्ता से हटाना ही असली जनसेवा है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोतिउर रहमान ने कहा कि देश में नफरत की राजनीति फैलाकर जनता को बाँटने का काम हो रहा है, लेकिन राहुल गांधी ने देश को जोड़ने का संकल्प लिया है। ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान राहुल गांधी के उसी संदेश का विस्तार है।
हेरहंज प्रखंड अध्यक्ष लाडले खान ने कहा कि अब गांव-गांव में कांग्रेस कार्यकर्ता उतरेंगे और लोगों को बताएंगे कि भाजपा सरकार ने युवाओं, किसानों और बेरोजगारों से क्या वादे किए और कौन-कौन तोड़े। यह अभियान जनता की जागृति का प्रतीक बनेगा।
इस अवसर पर पश्चिम मंडल अध्यक्ष कर्मदेव भगत, साबिर, इकबाल, गुपेश्वर, रियासत, भुईयां, सोनू, मुन्ना, आकिब, राकेश सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ किया गया कि ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान को हर गांव, हर पंचायत तक पहुँचाया जाएगा।
