बंगाल विधानसभा चुनाव : अमित शाह ने साधा तृणमूल पर निशाना, महिलाओं की सुरक्षा-घुसपैठ पर उठाए सवाल

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के अंतिम दौर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को राज्य में तीन जनसभाओं को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर हमला बोला। उन्होंने पश्चिम बर्धमान के कुलटी और पश्चिम मेदिनीपुर के शालबनी में आयोजित सभाओं में महिलाओं की सुरक्षा, मुफ्त बस सेवा, घुसपैठ और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कुलटी की सभा में अमित शाह ने घोषणा की कि यदि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य में सत्ता में आती है, तो एक जून से महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह वादा पार्टी के घोषणापत्र में पहले ही शामिल है और सरकार बनने के बाद इसे लागू किया जाएगा।

महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने संदेशखाली और आरजी कर अस्पताल से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर महिलाएं आधी रात में भी सुरक्षित महसूस करेंगी। कुलटी में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मतदान के दिन यदि हिंसा या गुंडागर्दी की कोशिश हुई, तो भाजपा उसका कड़ा जवाब देगी। उन्होंने राज्य सरकार पर गुंडों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया। घुसपैठ के मुद्दे पर अमित शाह ने कहा कि पांच मई के बाद भाजपा सरकार बनने पर पश्चिम बंगाल से अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बाहर किया जाएगा। शालबनी की सभा में उन्होंने इस बयान को दोहराते हुए कहा कि यह कार्रवाई केवल बंगाल ही नहीं, बल्कि पूरे देश में की जाएगी। शालबनी में उन्होंने राज्य सरकार पर गरीबों के धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार में शामिल लोगों से पूरा हिसाब लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए सख्त कार्रवाई की बात कही। मंगलवार को अमित शाह ने दिन की शुरुआत कर्सियांग में सभा से की, इसके बाद वे कुलटी और फिर शालबनी पहुंचे। चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में भाजपा ने अपने शीर्ष नेताओं को मैदान में उतारकर प्रचार अभियान को और तेज कर दिया।

Spread the love