Eksandeshlive Desk
मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए स्थानीय पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूने मकान से ग्रिल और खिड़की चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक सूने मकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया था। चोरों ने बंद कमरे का ताला तोड़कर वहां लगे लोहे के मुख्य गेट, ग्रिल और खिड़की की चोरी कर ली थी।
इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर बीआईटी मेसरा ओपी में कांड संख्या 485/26 (दिनांक 24/10/2026) दर्ज की गई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305,331(4) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी पंजीबद्ध कर अनुसंधान शुरू किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुसंधानकर्ता सअनि राम विनय राय ने त्वरित तकनीकी और मैदानी अनुसंधान किया। इसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अनमोल कालिंदी (पिता रौशन कालिंदी,निवासी मेसरा कल्याणी बस्ती) को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया सारा सामान (लोहे का गेट, ग्रिल और खिड़की) भी सकुशल बरामद कर लिया है। सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपी को सोमवार को जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। आम नागरिकों की संपत्ति और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर लगातार बनी हुई है और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
