SUNIL KUMAR
साहिबगंज/बरहरवा: बीएसके कॉलेज बरहरवा की पूर्व बीसीए छात्रा कृति आनंद ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक्सेंचर कंपनी में 4.5 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर नौकरी प्राप्त की है। कृति की इस उपलब्धि से कॉलेज परिवार एवं क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
बरहरवा के पतना चौक निवासी मनोज कुमार सह एवं इंदु देवी की पुत्री कृति आनंद ने बी.एस.के. कॉलेज बरहरवा से सत्र 2020-23 में बीसीए की पढ़ाई पूरी की थी। वर्तमान में वह गाजियाबाद स्थित केआईईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस से एमसीए की पढ़ाई कर रही हैं। कृति के चयन की सूचना मिलते ही महाविद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल बन गया। प्रभारी प्राचार्य कविता मंडल सहित कॉलेज के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने कृति को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बीसीए विभागाध्यक्ष जयंत कुमार ने कहा कि कृति शुरू से ही मेहनती, अनुशासित और प्रतिभाशाली छात्रा रही हैं। उन्होंने कहा कि कृति की यह सफलता महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
