भारत के रत्न है लाल कृष्ण आडवाणी: बाबूलाल मरांडी

360° Ek Sandesh Live Politics


sunil Verma

रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पितृपुरुष, करोड़ों कार्यकतार्ओं के प्रेरणापुंज लालकृष्ण आडवाणी को केंद्र सरकार द्वारा भारत रत्न से सम्मानित करने का निर्णय अभिनंदनीय है। श्री मरांडी ने कहा कि अपने कुशल नेतृत्व से सदा सर्वदा के लिए भारतीय राजनीति की दिशा बदलने, देश के जनमानस को संगठित कर भव्य श्री राम मंदिर निर्माण के संकल्प को साकार करने में आदरणीय आडवाणी जी का योगदान हम सबके लिए अनुकरणीय है। कहा कि आजादी के बाद देश के पुनर्निर्माण में आडवाणी की अहम भूमिका रही है। आडवाणी राजनीति में शुचिता के जीवंत उदाहरण है। श्री मरांडी ने कहा कि आडवाणी जी के अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने के निर्णय हेतू आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि देश के पूर्व उप-प्रधानमंत्री, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया जा रहा है। कहा कि लालकृष्ण आडवाणी का भारत के विकास में योगदान अविस्मरणीय है। उनका जीवन सामान्य स्तर पर काम करने से शुरू होकर उप-प्रधानमंत्री की यात्रा तक का है। देश के अनथक और वीर सपूत को सम्मानित होना, पूरे राष्ट्र का सम्मान है। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार के द्वारा हमारे मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत, देश के भूतपूर्व उपप्रधानमंत्री श्रद्धेय लाल कृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से अलंकृत करने का निर्णय सभी को आनंदित करने वाला है। कहा कि भारतीय राजनीति में आडवाणी जी का संगठनात्मक जीवन शुचिता, समर्पण और दृढ़ संकल्प की प्रतिमूर्ति हैं।