हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने समाज से संगठित रहने की अपील की, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर दिया जोर
Eksandeshlive Desk
रांची: जायसवाल महासभा झारखंड प्रदेश एवं जायसवाल कल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को रातू रोड स्थित हनुमान बक्स पोद्दार सत्संग भवन में आराध्य देव भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रार्जुन की जयंती धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना एवं भगवान सहस्त्रार्जुन को नमन करने के पश्चात भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए समाज के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हटिया विधायक नवीन जायसवाल उपस्थित रहे। वहीं समाज के मुख्य संरक्षक एवं अभिभावक महेंद्र जायसवाल तथा संरक्षक सुबोध जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर जायसवाल महासभा झारखंड प्रदेश के अध्यक्ष सूरज जायसवाल, कोषाध्यक्ष प्रवीण जायसवाल, सचिव अरविंद जायसवाल, उपाध्यक्ष अनुज जायसवाल, सुधीर जायसवाल एवं सुनील जायसवाल, सहसचिव अजय जायसवाल एवं संतोष जायसवाल, संगठन मंत्री विजय जायसवाल, जनसंपर्क पदाधिकारी पारस जायसवाल तथा मीडिया प्रभारी प्रभात रंजन जायसवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
समाज की एकजुटता ही विकास का आधार : मुख्य अतिथि हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रार्जुन को नमन करते हुए समाज के लोगों को जयंती की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने समाज के लोगों से संगठित रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता और संगठन में निहित है। सभी को आपसी मतभेद भुलाकर समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने अपनी गौरवशाली परंपराओं एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने तथा नई पीढ़ी को समाज के इतिहास और आदर्शों से जोड़ने का आह्वान किया। मौके पर समाज के संरक्षक सुबोध जायसवाल, प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल, सचिव अरविंद जायसवाल एवं बुंडू जायसवाल समाज से आए रितेश जायसवाल तथा दीपक जायसवाल ने भी समाज को संबोधित किया। वक्ताओं ने समाज के सर्वांगीण विकास एवं संगठन की मजबूती के लिए महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाओं एवं युवतियों को सामाजिक गतिविधियों, संगठनात्मक कार्यों तथा निर्णय प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उनकी सक्रिय सहभागिता से समाज को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। साथ ही आने वाली पीढ़ी को बेहतर संस्कार एवं मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
भव्य शोभायात्रा में नाचते-गाते झूमे समाज के लोग, चौधरी सेवा संघ ने लगाया सेवा शिविर: भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रार्जुन की जयंती के अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। शोभायात्रा में महिला एवं पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए। समाज के लोग पूरे उत्साह के साथ नाचते-गाते और झूमते हुए भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रार्जुन के जयकारे लगा रहे थे। जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी भी विशेष रूप से देखने को मिली। इस दौरान चौधरी सेवा संघ की ओर से सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं एवं भक्तों को कोल्ड ड्रिंक्स और शीतल पेयजल वितरित किया गया। चौधरी सेवा संघ की इस सेवा पहल की सराहना की गई। सेवा शिविर ने सामाजिक सद्भाव, सहयोग और आपसी भाईचारे का सुंदर संदेश दिया। जयंती समारोह में रांची के अलावा झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। जायसवाल समाज गुमला की ओर से शिवम जायसवाल एवं उज्ज्वल जायसवाल विशेष रूप से शामिल हुए। वहीं बुंडू सहित अन्य क्षेत्रों से भी समाज के लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। भगवान सहस्त्रार्जुन की जयंती पर जायसवाल समाज के साथ व्याहुत समाज झारखंड प्रदेश, स्वर्णिक समाज झारखंड प्रदेश एवं चौधरी समाज के सैकड़ों लोग भी शामिल हुए। विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता ने कार्यक्रम को सामाजिक एकता और भाईचारे का विशेष स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे, संगठन की मजबूती तथा अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने का संदेश दिया गया। उपस्थित समाज के लोगों ने भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रार्जुन के आदर्शों पर चलने तथा समाज की एकता, शिक्षा, संगठन और सामाजिक उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
