भ्रष्टाचार सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा ने किया प्रखंड मुख्यालय में धरना

360° Ek Sandesh Live

अजय राज
प्रतापपुर(चतरा):राज्य में गिरती कानून व्यवस्था, नियुक्ति परीक्षायों में अनियमितता तथा व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा के द्वारा सोमवार को प्रखंड मुख्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। धरना कार्यक्रम में पूर्व विधायक सह भाजपा नेता जनार्दन पासवान, प्रमुख स्मिता प्रकाश, महामंत्री सत्येंद्र पासवान, मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार सौंडिक सहित काफी संख्या में प्रखंड स्तरीय भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए तथा झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। धरना प्रदर्शन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक जनार्दन पासवान ने कहा की ऐसा प्रतीत होता है की प्रदेश फिर से उग्रवाद के चपेट में आ गया है। जहां भाजपा सरकार में इस राज्य की सबसे बड़ी समस्या उग्रवाद पर अंकुश लगाया गया था वहीं सोरेन सरकार में उग्रवाद की घटनाएं लगातार घट रही है। हाल के दिनो मे इस प्रकार की कई घटनाएं घट चुकी है जिसमे हमारे सुरक्षा बलों के साथ साथ अन्य लोगों को भी जान माल का नुकसान उठाना पड़ा है। वहीं भ्रष्टाचार का आलम ऐसा है की पंचायत से लेकर राज्य स्तर पर सिर्फ और सिर्फ उसका ही बोलबाला है। कोई भी काम बिना दान दक्षिणा का होना मुश्किल है। इस दौरान धरना में शामिल भाजपाइयों ने बीडीओ अजय कुमार दास को राजपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा जिसमे प्रखंड थाना, अंचल तथा प्रखंड कार्यालय में भ्रष्टचार पर रोक लगाने।राज्य के बेरोजगार युवक के पलायन रोकने, जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक एवं नियुक्ति परीक्षायों में भ्रष्टाचार मामले की जांच कराने, अबुआ आवास के नाम पर भ्रष्टाचार एवं अनियमितता के विरुद्ध जांच कराने की मांग की है। धरना को संबोधित करते हुए प्रतापपुर मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार सौंडिक ने कहा की सरकार के द्वारा एक दो बहाली निकाली भी जा रही है तो वो भी पेपर लीक और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जा रही है। सरकार आपके द्वार के नाम पर सिर्फ और सिर्फ लोगों को ठगा गया है। राज्य के दूसरी राजधानी कहे जाने वाला जिला दुमका में एक विदेशी महिला से गैंगरेप से पूरा झारखंड शर्मशार हुआ है। सरकार तथा उसका पूरा अमला राज्य में बालू पत्थर तथा खनिजों को लूटने वालों के साथ खड़ी है। वहीं भाजपा महामंत्री सत्येंद्र पासवान ने कहा की मुफ्त बिजली का झुनझुना देकर सरकार दूसरी तरफ बिजली बिल दर में बढ़ोतरी कर आखिर किसे लाभ पहुंचा रही है इसका जवाब सरकार को देना चाहिए।। कुल मिला कर इस निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकना है तथा भाजपा को एक बार फिर राज्य का बागडोर सौंपना है। राज्य का विकास डबल इंजन सरकार के द्वारा ही हो सकता है। मौके पर भाजपा नेता भीम सिंह, कपिल पासवान, गौतम कुमार, योगेंद्र मिस्त्री, कलेंद्र कुमार, निर्मल राम, ईश्वरी पासवान सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।