बकरी चोरी के शक में युवक को पोल से बांधकर ग्रामीणों ने की पिटाई

Crime

Eksandeshlive Desk

पश्चिमी सिंहभूम: जिले के तांतनगर थाना क्षेत्र के रायकोला गांव में बकरी चोरी के शक में ग्रामीणों की ओर से एक युवक को पकड़कर हाईमास्ट लाइट के पोल से बांधकर पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों ने युवक को रातभर पोल से बांधे रखा। शुक्रवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को मुक्त कराकर पूछताछ के लिए थाने ले गई। बताया गया कि रायकोला गांव में पिछले कुछ दिनों से लगातार बकरी चोरी की घटनाएं हो रही हैं। इससे परेशान ग्रामीण रात में जागकर गांव की निगरानी कर रहे हैं। इसी दौरान गुरुवार रात करीब 12 बजे रायकोला चौक के पास सड़क निर्माण कार्य में लगी ठेकेदार की जेसीबी में एक अज्ञात युवक बैठा दिखाई दिया।

ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पूछताछ की, लेकिन उसके जवाब से ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए। इसके बाद उसकी तलाशी लेने पर जेब से दो मोटरसाइकिलों की चाबियां मिलीं। चाबियां मिलने के बाद ग्रामीणों का शक और बढ़ गया और उन्होंने युवक को बकरी चोरी की नीयत से गांव में घूमने का संदेह जताया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने युवक को हाईमास्ट लाइट के पोल से बांध दिया और उसकी पिटाई की। वह रातभर वहीं बंधा रहा। शुक्रवार सुबह गांव के मुंडा मांझी कुंकल ने घटना की जानकारी तांतनगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एएसआई रामशंकर गुप्ता पुलिस बल के साथ रायकोला पहुंचे और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया। पुलिस उसे थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक का बकरी चोरी की घटनाओं से वास्तव में कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल घटना के बाद गांव में बकरी चोरी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है और ग्रामीण रात में पहरेदारी कर रहे हैं।

Spread the love