News By Ajay Raj
प्रतापपुर चतरा :बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रतापपुर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। पर्व के मद्देनजर बुधवार को प्रतापपुर पुलिस एवं प्रशासन की ओर से प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान लोगों से भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई। फ्लैग मार्च का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक पांडे एवं थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। उनके साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। मार्च प्रतापपुर मुख्य चौक से होते रामपुर, कसमार, प्रतापपुर मुख्य बाजार, बभने समेत कई संवेदनशील एवं प्रमुख इलाकों से होकर गुजरा।अधिकारियों ने क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस दौरान प्रशासन की ओर से साफ संदेश दिया गया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों से भी बातचीत की। बीडीओ अभिषेक पांडे ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, त्याग और भाईचारे का प्रतीक है। सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।वहीं थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने कहा कि पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। प्रमुख चौक-चौराहों, मस्जिदों एवं संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि असामाजिक तत्व माहौल खराब न कर सकें।शासन की इस पहल से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है और लोगों ने भी शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग का आश्वासन दिया है।
