लातेहार : जिलेवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुये बनहरदी कोयला खनन परियोजना द्वारा सामुदायिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) का शुभारंभ किया गया।
समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त संदीप कुमार ने मोबाइल मेडिकल यूनिट को हरी झंडी दिखा कर के रवाना किया। इस अवसर पर पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ए.के. सहगल तथा बनहर्दी परियोजना के महाप्रबंधक एन.के. मलिक भी उपस्थित रहे। उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि मोबाइल मेडिकल यूनिट के संचालन से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके गांवों के समीप ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध हो सकेगी। इससे विशेष रूप से बुजुर्गो , महिलाओं एवं बच्चों को लाभ मिलेगा तथा स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुदूर क्षेत्रों तक सुनिश्चित होगी।पीवीयूएनएल के अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से नियमित रूप से गांवों का भ्रमण करते हुये स्वास्थ्य जांच , आवश्यक दवाओं का वितरण तथा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया जायेगा। यह पहल क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य स्तर में सुधार लाने तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के पदाधिकारी, पीवीयूएनएल के अधिकारीगण ् एन के मल्लिक , महाप्रबंधक बनहरदी परियोजना , शिप्रा रानी , मुख्य चिकित्सा अधिकारी PVUNL विजय केजरीवाल , प्रमुख संविदा विभाग , नवदीप झा अपर महाप्रबंधक PVUNL एम चन्द्रसेगर , अपर महाप्रबंधक खनन , असीम मिश्रा, अपर महाप्रबंधक खनन, आर बी सिंह अपर महाप्रबंधक खनन एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
