Eksandeshlive Desk
रांची : बोकारो की लापता युवती मामले में सोमवार को झारखंड उच्च न्यायालय में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने जांच की प्रगति पर गंभीर चिंता जताते हुए मामले की जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया। सुनवाई के दौरान न्यायालय के समक्ष सीआईडी और सीबीआई की ओर से जांच की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की गई। अदालत ने अब तक हुई जांच, उपलब्ध साक्ष्यों तथा जांच एजेंसियों द्वारा उठाए गए कदमों का विस्तार से अवलोकन किया। साथ ही यह जानना चाहा कि अब तक युवती का पता क्यों नहीं चल सका है और जांच को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए आगे क्या कदम उठाए जा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च न्यायालय ने सीबीआई के एसपी को अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जांच की प्रगति और आगे की कार्ययोजना से अदालत को अवगत कराने का निर्देश दिया। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति सुजीत नारायण और न्यायमूर्ति संजय प्रसाद की खंडपीठ में हुई। अदालत ने मामले को मंगलवार के लिए पुनः सूचीबद्ध करते हुए अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की है। उल्लेखनीय है कि बोकारो की लापता युवती का मामला लंबे समय से झारखंड उच्च न्यायालय की निगरानी में चल रहा है। इससे पहले भी अदालत जांच की धीमी प्रगति पर चिंता जता चुकी है और सीबीआई तथा सीआईडी को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी जांच करने का निर्देश दे चुकी है। सोमवार की सुनवाई में सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारी को व्यक्तिगत रूप से तलब किए जाने का निर्देश भी इसी क्रम का हिस्सा माना जा रहा है।
