छठे दिन भी मजबूती के साथ शेयर बाजार बंद, सेंसेक्स-निफ्टी की तूफानी छलांग

Business

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 501 लाख करोड़ से ज्यादा हुआ

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को लगातार छठे कारोबारी दिन मजबूती के साथ बंद हुआ। अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में विपक्षी पार्टी डेमोक्रेट की धमाकेदार जीत के बाद वैश्विक बाजारों से आए पॉजिटिल संकेतों के दम पर घरेलू बाजार में चौतरफा मजबूती का माहौल बना रहा, जिसके चलते दिग्गज कंपनियों के शेयरों के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों के शेयरों में भी जमकर खरीदारी हुई। चौतरफा लिवाली के सपोर्ट से मुख्य सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर यानी डे-हाई के बेहद करीब बंद होने में सफल रहे। धनतेरस के त्योहार से ठीक एक दिन पहले आई बाजार की इस ऐतिहासिक तेजी से निवेशकों की संपत्ति में 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक की जबरदस्त बढ़ोतरी हो गई। दिन के कारोबार के दौरान शुरुआती बीस मिनट के बाद से ही बाजार में लगातार जबरदस्त तेजी का रुख बना रहा। ग्लोबल मार्केट के पॉजिटिव संकेतों के बीच खरीदार पूरी तरह हावी नजर आए। दिनभर के कारोबार के दौरान सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने लगातार अपनी बढ़त को कायम रखा। अंतिम सत्र में बाजार में लिवाली और ज्यादा तेज हो गई, जिसकी वजह से दोनों सूचकांक 2.5 प्रतिशत से भी ज्यादा उछल गए। हालांकि, अंत में हुई मामूली मुनाफा वसूली के कारण दोनों सूचकांक डे-हाई से थोड़ा नीचे फिसल गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 2.60 प्रतिशत और निफ्टी 2.40 प्रतिशत की जोरदार मजबूती के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स 1,609.54 अंक यानी 2.08 प्रतिशत की दमदार बढ़त दर्ज करते हुए 78,910.94 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण ये सूचकांक पहले बीस मिनट में ही फिसल कर 78,520.56 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जबरदस्त जोर बना दिया, जिसके कारण यह सूचकांक लगातार ऊपर की ओर भागता चला गया। दिन के कारोबार के दौरान बाजार में बैंकिंग और ऑटोमोबाइल सेक्टर के हैवीवेट शेयरों में जम कर खरीदारी होती रही। खासकर, दिन के अंतिम सत्र में हुई बंपर लिवाली के सपोर्ट से यह सूचकांक 2,168.86 अंक यानी 2.81 प्रतिशत उछल कर 79,470.03 अंक के स्तर पर आ गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण आखिरी दौर में हुई मामूली बिकवाली के कारण सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से थोड़ी फिसल कर 2,008.61 अंक यानी 2.60 प्रतिशत की शानदार बढ़त के साथ 79,310.01 अंक के स्तर पर पहुंच कर लगातार छठे दिन मजबूती के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स की ही तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी ने भी 417.45 अंक यानी 1.74 प्रतिशत की जोरदार उछाल के साथ 24,378.05 अंक के स्तर से अपने कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने कारण ये सूचकांक टूट कर 24,296.30 अंक के स्तर पर आ गया। पहले बीस मिनट तक मुनाफा वसूली का दबाव झेलने के बाद बाजार में ऑटो, फाइनेंस और बैंकिंग जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयरों में शुरू हुई जोरदार लिवाली के चलते इस सूचकांक की चाल ने भी तूफानी रफ्तार पकड़ ली। कारोबार के दौरान ज्यादातर समय बाजार में लिवाली का जोर बना रहा, जिसके कारण निफ्टी की रफ्तार लगातार बनी रही। बाजार में लगातार हो रही इस चौतरफा लिवाली के सपोर्ट से यह सूचकांक तेजी से आगे बढ़ा और क्लोजिंग बेसिस पर लंबे समय बाद 24,500 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार करने में सफल रहा। लगातार हो रही खरीदारी के दम पर निफ्टी 619.30 अंक यानी 2.58 प्रतिशत की मजबूती के साथ दिन के ऊपरी स्तर 24,579.90 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, अंत में दिन के सौदों के निपटारे की वजह से यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 43.30 अंक खिसक कर 576 अंक यानी 2.40 प्रतिशत की जबरदस्त मजबूती के साथ 24,536.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ। दिनभर के कारोबार के दौरान ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा चमक नजर आई, जहां निफ्टी ऑटो इंडेक्स 4 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ। इसके अलावा रियल्टी इंडेक्स में 3.5 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई, जबकि सरकारी और प्राइवेट दोनों बैंकिंग इंडेक्स ने भी 3-3 प्रतिशत से अधिक की तेजी दिखाई। इसके साथ ही निफ्टी आईटी इंडेक्स भी करीब ढाई प्रतिशत की बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुआ। दूसरी ओर, फार्मा सेक्टर के शेयरों में शुरुआती कारोबार के दौरान करीब आधे प्रतिशत की सुस्ती देखी गई, लेकिन बाद में वह भी रिकवर कर एक प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। ब्रॉडर मार्केट और सेक्टोरल फ्रंट पर ज्यादातर इंडेक्स दबाव से पूरी तरह उबर कर बढ़त बनाने में कामयाब रहे। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में लगातार मजबूती बनी रही। निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स दिन के कारोबार के अंत में 1.87 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारों का जबरदस्त असर दिख रहा था, जिसकी वजह से निफ्टी के स्मॉलकैप 100 इंडेक्स ने भी 0.57 प्रतिशत की शानदार तेजी के साथ दिन के कारोबार का अंत किया।

बाजार के दोनों मुख्य सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी में आई जोरदार तेजी और ब्रॉडर मार्केट में हुई चौतरफा खरीदारी के कारण निवेशकों की संपत्ति में करीब 7.15 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन दिन के कारोबार के बाद बढ़कर 5,01,57,379.28 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 4,94,42,140.62 करोड़ रुपये था। इस तरह बाजार की इस तेज छलांग की बदौलत निवेशकों की पूंजी में 7,15,238.66 करोड़ रुपये का बड़ा इजाफा हो गया। दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई के एडवांस-डिक्लाइन आंकड़ों पर नजर डालें, तो बाजार में बढ़त का रुख पूरी तरह हावी था। पूरे दिन 4,647 शेयरों की एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,994 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहे, जबकि 1,453 शेयरों को नुकसान झेलना पड़ा और वे लाल निशान में बंद हुए। 200 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में 3,329 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,373 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 956 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 24 शेयर बढ़त के साथ और 6 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 40 शेयर हरे निशान में और 10 शेयर लाल निशान में बंद हुए। दिन के कारोबार में 133 शेयर एक साल के उच्च स्तर पर पहुंचे, तो 69 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। इसके साथ ही 9 शेयरों में अपर सर्किट लगा, जबकि 41 शेयर लोअर सर्किट पर बंद हुए। दिनभर के कारोबार के बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर बजाज फाइनेंस के शेयर 7.65 प्रतिशत की तूफानी तेजी के साथ 1,070 रुपये के भाव पर बंद होकर टॉप गेनर रहे। इसके बाद श्रीराम फाइनेंस 6.08 प्रतिशत की छलांग लगा कर 964 रुपये, महिंद्रा एंड महिंद्रा 5.59 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,127.50 रुपये, मारुति सुजुकी 5.48 प्रतिशत की उछाल के साथ 12,652 रुपये और टीएमपीवी 5.46 प्रतिशत की मजबूती के साथ 293.70 रुपये के स्तर पर दिन के टॉप 5 गेनर्स की सूची में बंद हुए। दूसरी ओर, बाजार की इस भारी तेजी के बावजूद बिकवाली के दबाव में फंसा अपोलो हॉस्पिटल 2.66 प्रतिशत की कमजोरी दिखाते हुए 8,371 रुपये पर बंद होकर टॉप लूजर रहा। इसके अलावा ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ओएनजीसी) 2.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 230 रुपये, नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन (एनटीपीसी) 1.63 प्रतिशत टूट कर 316.70 रुपये, कोल इंडिया 1.34 प्रतिशत की मंदी के साथ 394.30 रुपये और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 0.73 प्रतिशत की गिरावट के साथ 395.10 रुपये के भाव पर दिन के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

Spread the love