Eksandeshlive Desk
पश्चिमी सिंहभूम: जिले के चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को मुंबई–शालीमार समरसता एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12151) के स्लीपर कोच के टॉयलेट में एक यात्री का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक का शव गमछे के सहारे फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, समरसता एक्सप्रेस के स्लीपर कोच संख्या एस-7 के टॉयलेट का दरवाजा काफी देर से बंद था। टॉयलेट का इस्तेमाल करने पहुंचे यात्रियों ने जब दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका होने पर कुछ यात्रियों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा। इस दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में लटका दिखाई दिया, जिसके बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने तत्काल ट्रेन में तैनात टीटीई को इसकी सूचना दी। इसके बाद रेलवे कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया और चक्रधरपुर स्टेशन पर आवश्यक इंतजाम किए गए। ट्रेन के चक्रधरपुर स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और टॉयलेट का दरवाजा खुलवाया। अंदर गमछे के सहारे लटके व्यक्ति को रेलकर्मियों की मदद से नीचे उतारा गया और प्लेटफॉर्म संख्या-दो पर रखा गया। इसके बाद रेलवे अस्पताल से डॉ. रश्मि के नेतृत्व में मेडिकल टीम पहुंची। चिकित्सकीय जांच के बाद व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया।
जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतक अकेले यात्रा कर रहा था। वह ट्रेन में कहां से सवार हुआ था और उसे किस स्टेशन पर उतरना था, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। मृतक की पहचान के लिए पुलिस ट्रेन के रिजर्वेशन चार्ट और आसपास के रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
