प्रतापपुर (चतरा): पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर प्रतापपुर प्रखंड मुख्यालय सहित विभिन्न पंचायतों में सुहागिन महिलाओं ने गुरुवार को करवा चौथ का व्रत श्रद्धा और आस्था के साथ रखा। महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर पति की दीघार्यु की कामना की और शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मौसम की बेरुखी और आसमान में बादलों के कारण महिलाओं को चंद्रमा के दर्शन नहीं हो सके। चक्रवात अर्नब के प्रभाव के बीच चंद्र दर्शन की उम्मीद लगाए बैठी व्रती महिलाओं को निराशा हाथ लगी। करवा चौथ के इस पर्व में चंद्रमा के दर्शन का विशेष महत्व होने के बावजूद महिलाओं को बिना चंद्र दर्शन के ही व्रत का पारण करना पड़ा। चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत खोलने की परंपरा के कारण महिलाएं देर तक आसमान की ओर निहारती रहीं, लेकिन चंद्रमा दिखाई नहीं दिया। अंतत: महिलाओं ने अपनी आस्था और परंपरा के अनुरूप बिना चंद्र दर्शन के ही पारण किया। मौसम की अनिश्चितता ने पर्व की खुशियों के बीच चंद्र दर्शन की प्रतीक्षा को अधूरा छोड़ दिया।
