Eksandeshlive Desk
खूंटी : शहर के बीचों-बीच मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब थाना गेट के सामने एक चलती बाइक में अचानक आग लग गई। घटना में बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई, हालांकि बाइक सवार और उनके साथ बैठी महिला सुरक्षित बच गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कर्रा थाना क्षेत्र के जोबे गांव निवासी अरुण कच्छप अपनी भाभी पूनम बारला के साथ भंडरा की ओर से खूंटी होते हुए अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही वे खूंटी थाना गेट के पास पहुंचे, उनकी बाइक में अचानक आग लग गई। शुरुआत में उन्हें इसका अंदाजा नहीं हुआ और वे बाइक चलाते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चलती बाइक से आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाकर बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। लोगों की चेतावनी के बाद जैसे ही अरुण कच्छप ने बाइक रोकी, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही पलों में पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ होगा : स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि सभी कोशिशें नाकाम साबित हुईं। इस बीच, बाइक सवार थाना परिसर में भी मदद की गुहार लगाने पहुंचे, ताकि किसी तरह अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाया जा सके, लेकिन तत्काल कोई सहायता उपलब्ध नहीं हो सकी। देखते ही देखते बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक वर्ष 2018-19 मॉडल की बजाज कंपनी की पल्सर एनएस 200 थी, जो एक हाईस्पीड बाइक मानी जाती है। घटना के दौरान सबसे राहत की बात यह रही कि बाइक सवार और उनकी भाभी समय रहते सुरक्षित उतर गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, इस घटना ने शहर के बीचों-बीच सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ होगा।
