इंग्लैंड की टीम 131 रन पर सिमटी, ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट से मुकाबला जीता, कप्तान मिचेल मार्श ने 30 गेंदों में जड़ा अर्धशतक
Eksandeshlive Desk
पर्थ: ऑस्ट्रेलिया के युवा तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन ने अपने वनडे करियर का यादगार आगाज करते हुए पदार्पण मैच में छह विकेट झटके। उनकी घातक गेंदबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पहले वनडे में इंग्लैंड को सात विकेट से करारी शिकस्त दी। पर्थ में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड की टीम 33.4 ओवर में महज 131 रन पर सिमट गई। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 23.3 ओवर में तीन विकेट खोकर 132 रन बनाते हुए 159 गेंद शेष रहते जीत दर्ज की। 21 वर्षीय बियर्डमैन ने 7.4 ओवर में 24 रन देकर छह विकेट हासिल किए। यह वनडे पदार्पण पर किसी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। पाकिस्तान में बल्लेबाजी के अनुकूल परिस्थितियों में खेलने के बाद ऑस्ट्रेलिया पहुंची इंग्लैंड की टीम को पर्थ की तेज और उछाल भरी पिच पर काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
स्पेंसर जॉनसन ने भी शानदार गेंदबाजी की : ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो जल्द ही सही साबित हुआ। स्पेंसर जॉनसन ने बेन डकेट को आउट कर इंग्लैंड को पहला झटका दिया। टॉम बैंटन ने पांच चौके लगाए, लेकिन वह भी ज्यादा देर टिक नहीं सके। इंग्लैंड ने 38 रन तक दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद बियर्डमैन ने गेंदबाजी की कमान संभाली और इंग्लैंड के बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। 10वें ओवर में गेंदबाजी के लिए आए बियर्डमैन ने हैरी ब्रूक को अपनी अंदर आती गेंद पर चकमा दिया। गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के पास चली गई। इसके बाद उन्होंने अपना 200वां वनडे खेल रहे अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को भी पवेलियन भेज दिया। बियर्डमैन का कहर यहीं नहीं थमा। उन्होंने जॉर्डन कॉक्स को विकेट के पीछे कैच कराया, जबकि सैम करन को शॉर्ट गेंद पर आउट किया। लियाम डॉसन का विकेट लेकर उन्होंने इंग्लैंड की हालत और खराब कर दी। महज 28 गेंदों के भीतर पांच विकेट झटकने वाले बियर्डमैन की रफ्तार, उछाल और गेंद की दिशा में बदलाव का इंग्लैंड के मध्यक्रम के पास कोई जवाब नहीं था। एक समय इंग्लैंड का स्कोर सात विकेट पर 60 रन हो गया था। स्पेंसर जॉनसन ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 42 रन देकर तीन विकेट लिए। विल जैक्स और गस एटकिंसन ने नौवें विकेट के लिए 37 रन की साझेदारी कर इंग्लैंड को कुछ राहत दी। एटकिंसन 29 रन बनाकर नाबाद रहे। बियर्डमैन ने वापसी करते हुए जोफ्रा आर्चर को गली में कैच कराकर अपना छठा विकेट पूरा किया। इंग्लैंड की पूरी टीम 131 रन पर आउट हो गई।
मार्श के तूफानी अर्धशतक से ऑस्ट्रेलिया की आसान जीत: 132 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को गस एटकिंसन ने शुरुआती झटका दिया। उन्होंने ट्रैविस हेड को पहली ही गेंद पर बोल्ड कर दिया। हेड एक बार फिर गेंद को अपने विकेटों पर खींच बैठे। हालांकि, इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने इंग्लैंड के गेंदबाजों पर जवाबी हमला बोला। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और महज 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उनकी पारी में चार छक्के और चार चौके शामिल रहे। मार्श का विकेट जेमी ओवरटन ने लिया, लेकिन तब तक ऑस्ट्रेलिया जीत के करीब पहुंच चुका था। कूपर कोनोली ने 27 रन बनाए और उन्हें जोफ्रा आर्चर ने आउट किया। इसके बाद जोश इंग्लिस और मैट रेनशॉ ने बिना किसी और नुकसान के टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 23.3 ओवर में तीन विकेट पर 132 रन बनाकर सात विकेट से मुकाबला जीत लिया।
