दहेज की आग में झुलसी विवाहिता, मुखिया समेत सात पर केस दर्ज

360° Ek Sandesh Live

कटकमसांडी/ हजारीबाग: दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता को कथित रूप से प्रताड़ित करने, मारपीट करने और घर से निकाल देने के मामले में लुपूंग पंचायत के मुखिया समेत सात लोगों के खिलाफ कटकमसांडी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार, विष्णुगढ़ प्रखंड के बनासो गांव निवासी रामप्रसाद पासवान की पुत्री प्रियंका कुमारी ने कटकमसांडी थाना में आवेदन देकर अपने पति संजय पासवान, लुपूंग पंचायत के मुखिया दिलीप पासवान, उनकी पत्नी प्रतिमा देवी, जागेश्वर पासवान, अजय पासवान, सुनीता देवी तथा कुमकुम देवी पर दहेज उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है।थाना में दर्ज कांड संख्या 89/26 के अनुसार, प्रियंका की शादी वर्ष 2019 में हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार लुपूंग गांव निवासी संजय पासवान के साथ हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि पति और परिवार के अन्य सदस्य दहेज में एक बाइक और दो लाख रुपये नकद की मांग कर रहे थे। विवाहिता ने अपने आवेदन में कहा है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ लगातार मारपीट की गई, मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा कई-कई दिनों तक भोजन और पानी तक नहीं दिया गया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि करीब दो माह पूर्व सभी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया और अतिरिक्त दहेज लेकर आने तक वापस नहीं लौटने की धमकी दी। प्रताड़ना से तंग आकर प्रियंका अपने माता-पिता के साथ कटकमसांडी थाना पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि दहेज प्रताड़ना के आरोप में पति, मुखिया सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर समाज में दहेज प्रथा की भयावहता को उजागर कर दिया है। कानून के बावजूद दहेज की मांग और विवाहिता के उत्पीड़न की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Spread the love