दोहा में वार्ता के बीच अमेरिका ने किया ईरान पर हमला

INTERNATIONAL

मिसाइल लॉन्च साइट्स और माइंस बिछाने वाली बोट्स को बनाया निशाना

Eksandeshlive Desk

दोहा/तेहरान/वाशिंगटन : कतर की राजधानी दोहा में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत का निर्णायक दौर मंगलवार को शुरू हुआ है। कतर के शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत के लिए ईरान के तीन प्रमुख वार्ताकार दोहा पहुंचे हैं। इस बातचीत के कुछ घंटों बाद अमेरिका ने ईरान पर हवाई हमला कर दिया। अमेरिका ने ईरान की मिसाइल लॉन्च साइट्स और माइंस बिछाने वाली बोट्स को निशाना बनाया। पेंटागन की महत्वपूर्ण सैन्य इकाई यूनाइटेड स्टेट्स सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने इसकी पुष्टि की है। सीबीएस न्यूज, एबीसी न्यूज और सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार सेंटकॉम ने कहा कि हवाई हमले में ईरान की मिसाइल लॉन्च साइट्स और माइंस बिछाने वाली बोट्स को निशाना बनाया गया। प्रवक्ता टिम हॉकिन्स ने कहा कि अमेरिकी सेना ने आत्मसुरक्षा के लिए हमला किया है। मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिकी सैनिकों पर ईरानी हमलों के अंदेशे को इनपुट मिला था। जिन बोट्स पर हमला किया गया वह होर्मुज जलडमरूमध्य में माइंस बिछा रही थीं। इसी को रोकने के लिए उन पर हमले किए गए।

इस हमले का असर कतर में चल रही शांति वार्ता पर अभी तक नहीं पड़ा है। ईरान की संसद के स्पीकर और मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बागेर गालिबाफ, विदेश मंत्री सैय्यद अब्बास अराघची और केंद्रीय बैंक के गवर्नर अब्दोलनासेर हेम्माती की कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जसीम अल थानी के साथ बातचीत चल रही है। कतर वार्ता से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को काफी उम्मीद है। वह कह चुके हैं कि बहुत जल्द अमेरिका-ईरान के बीच समझौता हो सकता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच ईरान के संवर्धित यूरेनियम पर पूर्ण सहमति बनाने के कूटनीतिक प्रयास जारी हैं। महत्वपूर्ण यह है कि इस समय अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य विराम जारी है। हालांकि दोनों देश कई बार इसका उल्लंघन कर चुके हैं। तब भी शांति के प्रयास जारी रहे हैं। ईरान के संवर्धित यूरेनियम पर ट्रंप का एक और बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि संवर्धित यूरेनियम नष्ट करने के लिए या तो अमेरिका को सौंपा जाएगा या इसे किसी स्वीकार्य स्थान पर नष्ट कर दिया जाएगा। ऐसा ईरान के सहयोग और समन्वय से किया जाएगा। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि ईरान के साथ समझौते पर बातचीत आंशिक रूप से अटकी हुई है।

Spread the love