दुर्गा परसाई की विशाल सभाओं से प्रचंड सरकार विचलित

360° Ek Sandesh Live Politics

आशुतोष झा

काठमांडू : नेपाल में इन दिनों नागरिक बचाओ महाअभियान के सर्वेसर्वा दुर्गा परसाई ने विशाल सभाएं कर नेपाल सरकार की नाक में दम कर रखा है। उनकी कई दर्जन ऐसी सभाएं राजधानी काठमांडू सहित देश के अन्य महानगरों तथा नगरों में आयोजित हो चुकी हैं। दुर्गा परसाई नेपाल में धर्म, संस्कृ‌ति और राष्ट्र बचाने के अभियान में जी-जान से जुटे हुए हैं। गत दिनों उन्होंने काठमांडू के बल्खू में एक विशाल आमसभा की थी जिस‌में लाख से अधिक लोगों ने शिरकत की थी। परसाई नेपाल की भ्रष्ट राजनीतिक व्यवस्था के समूल नाश के लिए अलख जगा रहे हैं। नेपाल के झापा जिले के मूल निवासी परसाई को मिल रहे अपार समर्थन से पुष्प कमल दाहाल प्रचंड के नेतृत्ववाली गठबंधन सरकार काफी विचलित दिखाई दे रही है। दुर्गा परसाई ने अपने काठमांडू के भक्तपुर स्थित निजी निवास में एक विशेष बातचीत में कहा कि नेपाल को वर्मा तथा भारत से आए मारवाड़ी व्यापारियों ने सैकड़ों वर्ष पूर्व से ही लूटा है तथा यह सिलसिला बदस्तूर जारी है। परसाई का दावा है कि नकली भारतीय व नेपाली नोट,भारत को होनेवाले सोने की तस्करी, अवैध हथियार की भारत के माफियाओं को आपूर्ति में भी मारवाड़ियों के कतिपय व्यावसायिक घराने जुटे हुए हैं। नेपाल के किसानों पर लदे कर्ज की माफी के लिए परसाई ने इन दिनों व्यापक अभियान छेड़ रखा है। बातचीत में दुर्गा परसाई ने दो टूक शब्दों में कहा कि नेपाल के पास प्रचुर जल भंडार है जिसका उपयोग भारत अपने यहाँ होनेवाले जल संकट को दूर करने में करे। इसके बदले वे भारत से बीस हजार करोड़ की लागत से नेपाल मे आठ लेन की सड़क की मांग करते हैं। परसाई का कहना है कि बीस वर्ष पूर्व नेपाल में मात्र सात चर्च थे जो आज बढ़कर सात हजार से भी अधिक हो चुके हैं। परसाई का आरोप है कि जब से नेपाल में संघीयता, गणतंत्र और धर्म निरपेक्षता आयी है तभी से नेपाल में दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों का सृजन हुआ है। वे नेपाल को फिर से हिन्दू राष्ट्र बनाने की अपरिहर्यता पर जोर देते हैं।

Spread the love