एशियन चैंपियनशिप में चमके झारखंड के खिलाड़ी, उपायुक्त से मुलाकात कर साझा की उपलब्धि

Sports

Eksandeshlive Desk

रांची : एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले झारखंड के खिलाड़ियों ने मंगलवार को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक के साथ खिलाड़ी दिनेश कुमार, रेशमा कुमारी और बसंती कुमारी भी उपस्थित रहे। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

उपायुक्त ने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं, जो गर्व की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया और हर संभव प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन भी दिया। उल्लेखनीय है कि 6 से 11 अप्रैल तक नई दिल्ली में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में इन खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में दिनेश कुमार ने दो स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया। वहीं रेशमा कुमारी ने एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। जबकि बसंती कुमारी ने महिला अंडर-25 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।

Spread the love