Eksandeshlive Desk
निशिन (जापान): भारतीय महिला क्रिकेट टीम आइची-नागोया एशियन गेम्स-2026 के फाइनल में पहुंच गई है। भारतीय टीम ने रविवार को सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 114 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत का एक और पदक पक्का हो गया है। अब 22 सितंबर को भारतीय महिला टीम का फाइनल मुकाबला श्रीलंका से होगा। बांग्लादेश की टीम 22 को ही पाकिस्तान के खिलाफ कांस्य पदक के लिए भिड़ेगी। श्रीलंका ने रविवार सुबह पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान को आठ विकेट से हराया था। भारतीय महिला टीम ने 2023 में हांगझोउ एशियाई खेलों में भी स्वर्ण जीता था। इस बार भी टीम स्वर्ण पदक जीतना चाहेगी। सेमीफाइनल मुकाबले की बात करें, तो भारतीय महिला टीम ने सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा के शतक की बदौलत 20 ओवर में चार विकेट पर 195 रन बनाए थे। जवाब में बांग्लादेश की टीम 15.4 ओवर में महज 81 रन पर सिमट गई और 114 रन से हार गई।
196 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश महिला टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम का चार रन के स्कोर पर पहला विकेट गिरा। सलामी बल्लेबाज जुवैरिया फिरदौस खाता नहीं खोल सकीं। तीसरे ओवर में शोभना मिस्त्री चार रन बनाकर आउट हुईं। बांग्लादेश को 38 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। निगार सुल्ताना नौ रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।बांग्लादेश की एक के बाद एक बल्लेबाज आउट होती गईं। शोरना अख्तर 5 रन, दिलारा 27 रन, नाहिदा 4 रन, शर्मिन 10 रन, मारूफा 5 रन और सुल्ताना खातून ने नाबाद 12 रन बनाए। संजीदा और राबिया खान खाता भी नहीं खोल सकीं। भारत की ओर से नंदनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने 3-3 विकेट लिए, जबकि श्री चारणी ने 2 विकेट, क्रांति गौड़ और श्रेयंका पाटिल ने एक-एक विकेट चटकाया। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 49 गेंद में नाबाद 100 रन की शतकीय पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 9 छक्के लगाए। शेफाली के अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 33 गेंद में छह चौकों की मदद से 40 रन बनाए, जबकि स्मृति मंधाना ने 19 गेंदों में 5 चौके और दो छक्कों की मदद से 37 रन की पारी खेली।
