एशियन खेल 2026: नौकायन के महिला डिंगी स्पर्धा में नेत्रा कुमानन ने जीता कांस्य पदक

Sports

Eksandeshlive Desk

गामागोरी सिटी: नौकायन में नेत्रा कुमानन ने शुक्रवार को एशियाई खेलों की महिला डिंगी स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। चेन्नई की 29 वर्षीय ओलंपियन ने कुल 14 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। थाईलैंड की सोफिया मोंटगोमरी ने पांच अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि सिंगापुर की जेनिया आंग ने 13 अंक के साथ रजत पदक अपने नाम किया। नेत्रा ने फाइनल और क्वालिफिकेशन रेस में सात-सात अंक हासिल किए। नौकायन में प्रत्येक रेस में फिनिशिंग पोजिशन के आधार पर अंक मिलते हैं। पहले स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को एक अंक मिलता है और सबसे कम कुल अंक हासिल करने वाला खिलाड़ी या टीम प्रतियोगिता जीतती है। नेत्रा ने अपनी अंतिम दो रेस में से एक में पहला स्थान हासिल किया, जबकि दूसरी रेस में वह छठे स्थान पर रहीं।

पुरुषों की डिंगी स्पर्धा में भारत के विष्णु सरवनन पदक से मामूली अंतर से चूक गए और चौथे स्थान पर रहे। विष्णु ने अपनी दोनों अंतिम रेस में दूसरा स्थान हासिल किया, लेकिन क्वालिफिकेशन में मिले 17 अंकों के कारण उनका कुल स्कोर 21 रहा।दक्षिण कोरिया के जीमिन हा ने नौ अंक के साथ स्वर्ण, हांगकांग चीन के निकोलस हॉलिडे ने 11 अंक के साथ रजत और मलेशिया के मोहम्मद खैरुलनिजाम ने 14 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। इससे पहले गुरुवार को भारत के मनु फ्रांसिस और कुरिसिंकल नोबल ने पुरुष स्किफ स्पर्धा में रजत पदक जीता था। वहीं, महिला टीम की हर्षिता तोमर और शीतल वर्मा ने कांस्य पदक अपने नाम किया था। इस तरह भारत ने नौकायन में दो और पदक जोड़ लिए, जिसमें नेत्रा कुमानन का कांस्य और पुरुष स्किफ में मनु फ्रांसिस व कुरिसिंकल नोबल का रजत शामिल है।

Spread the love