घूमने जा रहे उड़ीसा के पांच दोस्त दुर्घटना में घायल

360° Ek Sandesh Live

Reporting by Mustaffa

मेसरा (रांची): ओरमांझी-बोकारो-धनबाद मार्ग पर गुडू तेतरिया नामक स्थान के पास गुरुवार को एक काला रंग का कीआ कार(ओडी 02 बीएल 9415) और ट्रैक्टर के बीच सीधी व जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कार सवार पांच पर्यटकों सहित ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि कार में सवार सभी पांचों लोग उड़ीसा के रहने वाले हैं और आपस में दोस्त हैं,जो कार से नेपाल घूमने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,कार जैसे ही गुडू तेतरिया टोला के समीप पहुंची,तभी अचानक सामने से एक ट्रैक्टर आ गया। रफ्तार तेज होने के कारण कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और दोनों वाहनों के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार और ट्रैक्टर का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के वक्त कार के सभी सुरक्षा एयरबैग (बैलून) समय पर खुल गए,जिसके चलते कार सवारों की जान बच गई। घायलों में उड़ीसा निवासी शिवपुन प्रधान,अजय कुमार प्रधान,तपन कुमार प्रधान,नारंग मेहरा और विजय कुमार सेठी शामिल हैं,जिनकी उम्र 40 से 48 वर्ष के बीच है। इनमें से शिवपुन और अजय प्रधान को गंभीर चोटें आई हैं और दोनों के हाथ टूट गए हैं। वहीं,ट्रैक्टर चालक के चेहरे पर भी गंभीर चोट लगी है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण राहत और बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत पास के गुरु ग्लोबल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया,जहां डॉक्टरों की देखरेख में सभी का इलाज चल रहा है। इस दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने मौके पर ही प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए इस मार्ग पर जल्द से जल्द अंडरपास बनाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि अंडरपास न होने के कारण इस ब्लैक स्पॉट पर आए दिन हादसे होते रहते हैं।

Spread the love