अजय राज
प्रतापपुर(चतरा): प्रखंड के हुमाजांग पंचायत अंतर्गत बिलासपुर गांव में नव-निर्मित देवी मंडप परिसर में सोमवार को बोरिंग कर चापानल लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया। पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों की मांग पर मुखिया सावित्री देवी ने त्वरित पहल करते हुए महज 24 घंटे के भीतर पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की है। ग्रामीणों ने बताया कि बिलासपुर गांव में लंबे समय से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। हजारों की आबादी वाले इस गांव में पर्याप्त चापानल और जलमीनार की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को पीने के पानी, भोजन बनाने और दैनिक कार्यों में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को लेकर ग्रामीण कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से गुहार लगा चुके थे। इसी बीच गांव में नव-निर्मित देवी मंडप के शुभ मुहूर्त के तहत 19 मार्च से 27 मार्च तक सात दिवसीय यज्ञ एवं प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित होना है। आयोजन से पहले पानी की समस्या को लेकर चिंतित ग्रामीण रविवार को मुखिया सावित्री देवी के प्रतापपुर स्थित आवास पहुंचे और समाधान की मांग की।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुखिया के पुत्र एवं पूर्व युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोतीलाल पासवान ने त्वरित पहल करते हुए अपने निजी खर्च से सोमवार को बोरिंग करवाकर चापानल लगवाने का कार्य शुरू कराया। इस संबंध में मोतीलाल पासवान ने कहा कि पंचायत की समस्याओं का समाधान करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पंचायत के कई चापानल और जलमीनार खराब पड़े हैं, जिन्हें जल्द ही ठीक कराने के लिए वे जिला पेयजल विभाग से संपर्क करेंगे, ताकि पंचायतवासियों को पेयजल की समस्या से राहत मिल सके। ग्रामीणों ने मुखिया सावित्री देवी और मोतीलाल पासवान के इस त्वरित प्रयास के लिए आभार जताया है।
