हिट एंड रन कानून में अविलंब हो संशोधन: धर्मेंद्र तिवारी

360° Ek Sandesh Live Politics

Eksandeshlive Desk

रांची: भारतीय जनतंत्र मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने सरकार द्वारा लागू नये हिट एंड रन कानून की तीखी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि इस कानून से ट्रक-बस चालकों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। यहां जारी एक बयान में धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि कानून बनाने में कोई दिक्कत नहीं है लेकिन उसे बनाते वक्त सामाजिक संरचना पर ध्यान देना चाहिए था। इस कानून में उस पर ध्यान नहीं दिया गया। किसे नहीं पता कि देश की आर्थिक प्रगति में परिवहन का कितना महत्व है। हमें चाहिए कि जो परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोग हैं, उनके जान-माल का भी ध्यान रखना चाहिए।

धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि आज के दौर में घायल व्यक्ति को कोई देखता नहीं था। कोई उसे अस्पताल तक ले जाने की जहमत नहीं उठाता था। अब लोगों की सोच बदल रही है। घायल को अस्पताल पहुंचाने पर पुरस्कार की घोषणा हुई है। लोगों में मानवीय मूल्यों का फिर से विकास होने लगा है। दूसरी तरफ जो नया कानून लागू हुआ है, उसमें एक्सीडेंट के बाद कौन अपनी गर्दन फंसाने का काम करेगा। जिसका एक्सीडेंट हुआ है, उसे खुद ही खुद को बचाना पड़ेगा। चालक बचेगा, तभी तो वह कानून का पालन करेगा। मरने के बाद भी कोई कानून का पालन करता है भला। चालकों में डर का माहौल है। उन्होंने मांग की कि इस कानून में जल्द से जल्द संशोधन किया जाए। इस कानून के विरोध में जिस तरीके से लोग देश भर में आंदोलन-विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं, उसके कारण पेट्रोल पंपों में तेल नहीं रह गया है। इसका असर सब्जियों पर पड़ रहा है। संब्जियों की कीमतों में जोरदार बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। इससे कुल मिला कर आम आदमी को ही नुकसान हो रहा है। ऐसा कानून किस काम का भला, जिसमें आम आदमी का नुकसान हो। जनता परेशान हो रही है, यात्री परेशान हैं।