हजारीबाग पुलिस का विशेष अभियान, 44 अपराधी गिरफ्तार, 34 वारंट निष्पादित

360°


चोरी, लूट, डकैती समेत विभिन्न मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ देर रात चली कार्रवाई
हजारीबाग: जिले में अपराधियों व विभिन्न कांडों में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने विशेष समकालीन छापामारी अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार 12/13 सितंबर 2026 की रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 44 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 34 वारंटों का निष्पादन किया गया। पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चोरी, लूट, डकैती समेत विभिन्न आपराधिक मामलों में फरार चल रहे अपराधियों, वारंटियों व अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों व पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के लिए थाना प्रभारियों के नेतृत्व में कुल 30 छापामारी टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में करीब 117 पुलिस पदाधिकारी व पुलिसकर्मी शामिल रहे। गठित टीमों ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संभावित ठिकानों पर छापामारी कर फरार आरोपियों व वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली व कुल 44 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 34 वारंटों का निष्पादन किया गया। पुलिस के अनुसार, विभिन्न मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।

अपराधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि उनके क्षेत्र में यदि कोई ऐसा आपराधिक तत्व मौजूद है, जो किसी मामले में फरार चल रहा है या गिरफ्तारी के डर से छिपकर रह रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना को दें। पुलिस सूचना का सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में फरार अपराधियों व वारंटियों के खिलाफ इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Spread the love