मेसरा (रांची): पवित्र सावन मास की पहली सोमवारी पर बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र स्थित शिवालय भक्ति के अलौकिक रंग में रंगे नजर आए। तड़के से ही क्षेत्र के तमाम मंदिर हर-हर महादेव,जय शिव शंभू और बोल बम के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठे। आस्था के इस महापर्व पर देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक और विशेष पूजन-अर्चन करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बीआईटी मोड़ (केदल) स्थित शिव मंदिर,गेतलातू मंडा टांड़,मेसरा,चुट्टू एवं नेवरी गांव सहित आसपास के सभी शिवालयों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। हाथों में गंगाजल,दूध,बेलपत्र,धतूरा और पूजन सामग्री लिए श्रद्धालु अनुशासित होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। बीआईटी मोड़ दुर्गा मंदिर के मुख्य पुजारी सह आचार्य धनंजय मिश्रा ने सावन की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा,सावन केवल एक महीना नहीं,बल्कि आत्मा का परमात्मा से मिलन और संपूर्ण समर्पण का अलौकिक पर्व है। यह पवित्र मास शिव कृपा पाने का सबसे उत्तम अवसर है। सोमवारी के दिन जो भी भक्त सच्चे भाव से भगवान भोलेनाथ पर एक लोटा जल और बेलपत्र अर्पित करता है,महादेव उसके जीवन के समस्त कष्ट हर लेते हैं। जल की हर बूंद के साथ दुखों का क्षय होता है और बेलपत्र की समर्पण भावना से जीवन में सुख,शांति और समृद्धि का प्रवाह होता है। विभिन्न पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह शीतल पेयजल, शरबत और महाप्रसाद का वितरण किया गया। वहीं,मंदिरों में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीम दिनभर तत्पर व मुस्तैद नजर आई।
