Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम: जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार रात आयोजित इंटर डिविजनल बास्केटबॉल और वॉलीबॉल चैंपियनशिप में विभिन्न डिवीजनों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का परिचय दिया। प्रतियोगिता में बास्केटबॉल के पुरुष एवं महिला वर्ग में कुल 192 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जबकि वॉलीबॉल में 195 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बास्केटबॉल के महिला वर्ग में ओएमक्यू की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। एईएम (एसेट एंड एनर्जी मैनेजमेंट) की टीम उपविजेता रही, जबकि जनरल ऑफिस की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में एईएम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। ओएमक्यू की टीम उपविजेता रही, जबकि वेस्ट बोकारो की टीम तीसरे स्थान पर रही।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में टीएसजे ऑप्स की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का खिताब हासिल किया। टीएसके की टीम उपविजेता रही, जबकि वेस्ट बोकारो ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में टीएसजे के चीफ सिक्योरिटी एवं ब्रांड प्रोटेक्शन प्रमुख जितेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, आयरन मेकिंग प्लांट के सिंटर प्लांट में मैकेनिकल मेंटेनेंस प्रमुख मनीष कुमार सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के खेल प्रदर्शन, अनुशासन और खेल भावना की सराहना की। प्रतियोगिता के मुकाबलों का निष्पक्ष एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने में राकेश महतो, रवि प्रसाद, निजाम अली, हरीश, स्नेहा और अर्पित पांडेय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
