​जेडए रॉयल और फ्लोरेंस कॉलेज ऑफ नर्सिंग ने संयुक्त रूप से निकाली जागरूकता रैली

360° Ek Sandesh Live

By Mustaffa

​नशे के खिलाफ नर्सिंग छात्रों की हुंकार,प्रभात फेरी निकाल समाज को दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

मेसरा (​रांची): समाज में पैर पसारती नशे की भयावह प्रवृत्ति पर रोक लगाने और युवाओं को एक स्वस्थ जीवन शैली के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से जेडए रॉयल एवं फ्लोरेंस कॉलेज ऑफ नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से एक व्यापक नशा मुक्ति अभियान चलाया। इसके तहत क्षेत्र में एक भव्य प्रभात फेरी निकाली गई,जिसका मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को नशे के जानलेवा दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना और इस दलदल में फंसे लोगों को समाज की मुख्यधारा में वापस लाना था। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में नशा न केवल किसी व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से खोखला करता है,बल्कि पूरे परिवार और समाज को भी तबाह कर देता है। संस्थान के निदेशक ने जनमानस से अपील करते हुए कहा,नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है,बल्कि इसके लिए हर नागरिक को आगे आना होगा। हमारा प्रयास उन परिवारों में फिर से खुशियां लौटाना है जिन्होंने नशे के कारण अपनों को खो दिया है। प्रभात फेरी के दौरान नर्सिंग के छात्र-छात्राएं हाथों में नशा मुक्ति के प्रेरक संदेश और स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। गूंजते नारों के जरिए छात्रों ने राहगीरों और स्थानीय लोगों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया। इस सामाजिक जागरूकता अभियान को सफल बनाने में संस्थान की प्राचार्या विनिशा टी बांसरियर,ज्योति ग्लोरिया मुंडू,उप प्राचार्य विक्रम मजुमदार,नीमा,सुनीता कुमारी,अलका,शोएब अख्तर,जेनिफर,सुनीता हेंब्रम,अजय कुमार,सादिक अंसारी और आदित्या सहित भारी संख्या में संस्थान के छात्र-छात्राएं मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Spread the love