Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को एक बार फिर गर्मी का असर देखने को मिला। सुबह से ही आसमान साफ रहने के कारण लोगों को उमस और तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। पिछले कुछ दिनों से हुई बारिश के कारण मौसम में आई ठंडक अब धीरे-धीरे समाप्त होती नजर आ रही है। हालांकि, मौसम विभाग ने राज्यवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार झारखंड में 7 जून तक कई जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है, लेकिन इसके बावजूद दिन के समय गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री तथा न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बोकारो में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री और न्यूनतम 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं चाईबासा में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों हुई बारिश के कारण राज्य के तापमान में 9 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई थी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली थी और वातावरण में नमी बनी हुई थी। अब मौसम साफ होने के साथ तापमान में फिर से बढ़ोतरी देखी जा रही है। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून के झारखंड में सामान्य समय से पहले पहुंचने की संभावना है। विभाग के अनुमान के अनुसार राज्य में 10 से 15 जून के बीच मानसून प्रवेश कर सकता है, जिससे किसानों और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
