झारखंड में शनिवार से बदलेगा मौसम, कई जिलों में बारिश की संभावना, येलो अलर्ट जारी

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार से राज्य के विभिन्न जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसको लेकर विभाग ने कुछ क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को राज्य के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं रविवार को राज्य के 14 जिलों में और सोमवार को 11 जिलों में हल्के दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

विभाग की ओर से बताया गया कि मंगलवार को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम का असर बना रह सकता है। इस दिन 11 जिलों में गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा नौ जिलों में भी गरज के साथ हल्की वर्षा होने का अनुमान लगाया गया है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान खूंटी में 15.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

इसी तरह बोकारो में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Spread the love