Eksandeshlive Desk
रामगढ़ : गिरिडीह के सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की रामगढ़ में हत्या कर दी गई है। मांडू थाना क्षेत्र अंतर्गत उनके पैतृक गांव रबोध में ही यह वारदात हुई। मंगलवार की सुबह जमीन विवाद को लेकर उनका झगड़ा गांव के ही कुछ लोगों के साथ हुआ। इस दौरान मारपीट करने आए लगभग एक दर्जन महिला और पुरुष सभी ने मिलकर उन पर जानलेवा हमला किया। इस दौरान उनके सिर पर ईंट से वार किया गया। इस घटना में सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनके परिजनों और गांव वालों ने आनन-फानन में बालेश्वर पटेल को होप हॉस्पिटल में भर्ती कराया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल ने अपने गांव में ही मई महीने में 11 डिसमिल जमीन खरीदी थी। यह जमीन उन्होंने महेश प्रसाद से रजिस्ट्री कराई थी। उस जमीन पर वह अपना घर बनाने के लिए बोरिंग करवा रहे थे। मंगलवार के सुबह जब वह उस जमीन पर सबमर्सिबल पंप लगाकर पाइप बिछा रहे थे। इसी दौरान उन पर जानलेवा हमला हुआ।
पत्नी ने 10 लोगों के खिलाफ दर्ज कराई प्राथमिकी, कई आरोपी हिरासत में : सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या के मामले में उनकी पत्नी रीता कुमारी ने मांडू थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है। उन्होंने गांव के 10 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। रबोध गांव निवासी रीता कुमारी ने अपनी लिखित शिकायत में बताया कि उनके पति मंगलवार को मांडू थाना क्षेत्र के हुवाग स्थित सियारी टांड़ में अपनी जमीन पर लगे बोरिंग और सबमर्सिबल पंप देखने गए थे। इसी दौरान गांव के रामू साव उर्फ ज्ञानी साव, विष्णु कुमार, संतोष साव उर्फ पप्पम, पूजा देवी, रूबी देवी, शकुंतला देवी, विनय कुमार और डोली कुमारी सहित अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने डंडों और ईंटों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। रीता कुमारी ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि इस पूरे घटनाक्रम की साजिश में हुवाग गांव के हेमंत पांडे और दिनेश्वर साव भी शामिल थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना गांव की रहने वाली बबीता देवी की मौजूदगी में हुई। शिकायत के अनुसार, हत्या के बाद आरोपित वहां मौजूद लोगों को धमकी देते हुए मौके से अपने-अपने घरों की ओर फरार हो गए। इस बीच, घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में आधा दर्जन से अधिक लोग बालेश्वर पटेल पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग ईंट और डंडों से उनकी पिटाई करते नजर आते हैं, जबकि घटनास्थल पर कुछ महिलाओं की मौजूदगी भी दिखाई देती है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है। रामगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आलोक रंजन ने बताया कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हेमन्त सरकार में अधिकारी भी सुरक्षित नहीं, जनता बेहाल : होप हॉस्पिटल में घटना की सूचना पर पहुंचे मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो ने झारखंड सरकार पर सीधा हमला किया। उन्होंने कहा कि हेमन्त सोरेन की सरकार में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है। यहां जब अधिकारी ही सुरक्षित नहीं है तो आम जनता का हाल क्या होगा, इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। उनके क्षेत्र में दिन दहाड़े और सामाजिक तत्वों ने गिरिडीह में पदस्थापित सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की निर्मम हत्या कर दी। इस मामले के सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार होना चाहिए। घटना की सूचना पर पहुंचे मांडू थाना प्रभारी सदानंद ने कहा कि वारदात के बाद तत्काल कार्रवाई की गई है। इस मामले में फिलहाल दो लोगों को पकड़ा गया है। साथ ही जिन लोगों का भी नाम सामने आया है, उनके खिलाफ छापेमारी चल रही है। रजिस्टर बालेश्वर पटेल के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इस मामले के किसी भी आरोपी को बक्सा नहीं जाएगा।
