जनजातीय कार्य मंत्रालय का लातेहार दौरा हुआ संपन्न

360° Ek Sandesh Live

Eksandeshlive Desk

लातेहार: जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव बृज नन्दन प्रसाद का आज लातेहार परिसदन में आगमन हुआ। इस दौरान उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने पौधा देकर उनका स्वागत किया जिसके पश्चात उपायुक्त के द्वारा माननीय संयुक्त सचिव को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
इसी क्रम में लातेहार परिसदन में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने आज मीडिया को संबोधित करते हुये बताया कि जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव बृज नन्दन प्रसाद के द्वारा लातेहार जिले का दौरा किया गया है। अपने दौरे के क्रम में उन्होंने जिले में चल रहे“आदि कर्मयोगी अभियान” की प्रगति का अवलोकन किया और कई विकासात्मक स्थलों का मैदानी निरीक्षण किया।
संयुक्त सचिव ने अभियान के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों जैसे—विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन , ग्राम विजन प्लान 2030 की स्वीकृति , जनजातीय समुदाय की आजीविका संवर्द्धन , शिक्षा , स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी पहल की समीक्षा की उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करते हुये उनके विचारों , सुझावों और आवश्यकताओं को सुना।
उपायुक्त ने बताया कि संयुक्त सचिव ने जिला प्रशासन द्वारा किये जा रहे कार्यों की सराहना करते हुये कहा कि लातेहार जिला जनजातीय विकास के क्षेत्र में एक मॉडल जिले के रूप में उभर सकता है, यदि योजनाओं का क्रियान्वयन इसी गति एवं पारदर्शिता के साथ  जारी रहे।
उन्होंने कहा कि “आदि कर्मयोगी अभियान” का मुख्य उद्देश्य है जनजातीय समुदाय के जीवन स्तर को ऊंचा उठाना जिसके तहत ग्राम स्तर पर लोगों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन इस अभियान के तहत ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर रहा है तथा प्रत्येक पंचायत में विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर आईटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई , गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी श्रेयांश , जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी डॉ चंदन , अन्य पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे। 

Spread the love