Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली: कांग्रेस ने अग्निपथ योजना रद्द कर नियमित सैनिकों की भर्ती शुरू करने की मांग की है। साथ ही पार्टी ने ‘जय जवान-पार्ट 2’ अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। इसके तहत पूरे देश में अग्निवीर सैनिकों की मांगों को उठाया जाएगा। कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल (रि.) रोहित चौधरी ने शुक्रवार को कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि सरकार ने सेना पर अग्निपथ योजना थोपी थी और अब पहले बैच के चार साल पूरे होने पर 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल का सेवा विस्तार देने का फैसला किया है। उन्होंने सवाल किया कि अग्निवीरों को स्थायी क्यों नहीं किया जा रहा है।
कर्नल चौधरी ने दावा किया कि योजना के कारण सेना में करीब सवा दो लाख जवानों की कमी हुई और सेना-वायुसेना में भर्ती होकर नियुक्ति का इंतजार कर रहे डेढ़ लाख युवाओं का सपना टूट गया। उन्होंने अग्निवीरों को नियमित सैनिकों की तरह छुट्टी, विवाह की अनुमति और अन्य सुविधाएं देने की मांग की। साथ ही शहीद अग्निवीरों के परिवारों को आजीवन पेंशन, चिकित्सकीय आधार पर बाहर किए गए अग्निवीरों को दोबारा सेवा में शामिल करने और नियमित किए जाने वाले 25 प्रतिशत अग्निवीरों को भर्ती की तारीख से सभी लाभ देने की मांग की। पश्चिमी उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक विभाग के उपाध्यक्ष कर्नल सिधिर कुमार ने कहा कि अग्निपथ योजना से सेना की प्रशिक्षण व्यवस्था प्रभावित हुई है। उन्होंने दावा किया कि दिसंबर में 75 प्रतिशत अग्निवीरों के बाहर होने से जवानों की कमी बढ़ सकती है। उत्तराखंड पूर्व सैनिक विभाग के चेयरमैन कर्नल राम रतन नेगी ने कहा कि इस योजना से उत्तराखंड में सेना में जाने की पीढ़ियों पुरानी परंपरा प्रभावित हुई है। चंडीगढ़ पूर्व सैनिक विभाग के चेयरमैन लेफ्टिनेंट कर्नल नवजोत सिंह थिंड ने कहा कि राहुल गांधी के लगातार विरोध और दबाव के कारण सरकार को योजना में बदलाव करना पड़ा। कांग्रेस अग्निपथ योजना रद्द कराने के लिए अपना आंदोलन जारी रखेगी।
