Eksandeshlive Desk
पेशावर: खैबर पख्तूनख्वा (केपी) के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने मंगलवार को चेतावनी दी है कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के इस्लामाबाद लॉन्ग मार्च को पंजाब के अटक से आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीटीआई के मार्च को हर हाल में अटक में रोक दिया जाएगा। अटक की सीमा केपी से सटी हुई है। डान की रिपोर्ट के अनुसार केंद्र सरकार की चेतावनी के बावजूद विपक्षी पीटीआई का मार्च जारी है। केंद्र ने इस्लामाबाद में किसी भी तरह की भीड़ जमा होने से रोकने का संकल्प लिया है। इस मार्च का मकसद जेल में बंद पीटीआई संस्थापक और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई की मांग को तेज करना है। पीटीआई ने संघीय सरकार के साथ सप्ताहांत हुई बातचीत के आतंकवाद-रोधी नीति पर विफल रहने के बाद मार्च शुरू करने का फैसला किया।
केपी के मुख्यमंत्री ने कहा- इस बार पार्टी का संघर्ष लंबा, इसके लिए धैर्य और सतत एकता की जरूरत: राज्यपाल ने कहा कि केपी के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी के नेतृत्व में जारी मार्च का लक्ष्य 8 अक्टूबर तक पंजाब की सीमा से सटे खैराबाद पहुंचना है। यहां मुख्यमंत्री अगली योजना की घोषणा करेंगे। उन्होंने कहा कि ” मुख्यमंत्री अटक से आगे नहीं जा सकते।” उन्होंने मुख्यमंत्री को चेतावनी दी कि मार्च को अटक से एक कदम आगे बढ़ाने की कोशिश करके तो देखें। राज्यपाल ने कहा, “वे दावा करते हैं कि उनके साथ 20 लाख लोग हैं। हमें लोग दिखाएं। उनमें इतनी क्षमता नहीं है।” कुंडी ने कहा कि प्रांत आतंकवाद से जूझ रहा है और मुख्यमंत्री इसके बजाय इस्लामाबाद तक मार्च करना चाहते हैं। राज्यपाल ने कहा कि पेशावर में हाल में गृहमंत्री मोहसिन नकवी के साथ बैठक में पीटीआई के लॉन्ग मार्च के संबंध चर्चा हुई। उन्होंने आतंकवादी घटनाओं पर चुप रहने के लिए पीटीआई के नेतृत्व वाली केपी सरकार की आलोचना की। कुंडी ने कहा, “जब केंद्र सरकार उग्रवाद के खिलाफ उनसे समर्थन मांगती है, तो वे कहते हैं कि सेना को प्रांत छोड़ देना चाहिए और हमें अफगानिस्तान के साथ बातचीत करनी चाहिए।” उन्होंने जेल में बंद पीटीआई संस्थापक इमरान खान पर आरोप लगाया कि उन्होंने अतीत में केपी में उग्रवादियों को बसाया। उधर, सोमवार रात कोहाट की लाची तहसील पहुंचने पर मुख्यमंत्री अफरीदी ने पीटीआई समर्थकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी का संघर्ष लंबा है। इसके लिए धैर्य और सतत एकता की जरूरत है। उन्होंने कहा, “हमें खुद को थकाना नहीं चाहिए। हमारा संघर्ष लंबा है। 8 अक्टूबर से एक टी20 मैच शुरू होगा।” मुख्यमंत्री अफरीदी का कारवां 7 अक्टूबर की दोपहर को पेशावर के बुध बैर से निकलेगा और रात चारसड्डा इंटरचेंज के पास बिताएगा। इसके बाद प्रदर्शनकारी अगली दोपहर आगे बढ़ेंगे और 8 अक्टूबर की रात खैराबाद में बिताएंगे। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री ने संघीय राजधानी इस्लामाबाद तक की यात्रा के आखिरी चरण के बारे में कोई जानकारी नहीं दी और कहा कि अगले चरण की योजना खैराबाद में बताई जाएगी। उधर, मार्च को देखते हुए कराची में पुलिस ने जगह-जगह जवानों को तैनात किया है।
पाकिस्तान की जेल में बंद इमरान खान की सेहत पर रवि शास्त्री ने जताई चिंता, कूटनीतिक दखल की मांग: भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान की सेहत पर चिंता जताई है और उनका समर्थन किया है। शास्त्री ने इमरान के साथ बेहतर बरताव की मांग करते हुए कूटनीतिक दखल की अपील की है। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान साल 2023 से पाकिस्तान की जेल में बंद हैं। शास्त्री ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में इमरान के साथ पाकिस्तान के बरताव को अमानवीय बताया। उन्होंने कहा कि खबरों के मुताबिक, जेल में इमरान की सेहत खराब हो गई है और उनकी दाहिनी आंख की रोशनी सिर्फ 15 प्रतिशत बची है। शास्त्री ने कहा, “मैं कोई राजनेता नहीं हूं। लेकिन आज उनके साथ जैसा बरताव हो रहा है, वह चौंकाने वाला है। आप जानते हैं, किसी इनसान के साथ ऐसा बरताव नहीं किया जाता। मानवीय आधार पर मुझे नहीं लगता कि वह इस बरताव के हकदार हैं। इसलिए मैं सिर्फ अपनी बात नहीं कह रहा हूं। मुझे लगता है कि दुनिया भर में कई क्रिकेटर होंगे जो ऐसी ही भावनाएं रखते होंगे।” शास्त्री ने इमरान के जल्द ठीक होने और अच्छी सेहत की कामना की, साथ ही क्रिकेट के खेल में उनके योगदान की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, “मैं बस यही उम्मीद करता हूं कि वह ठीक रहें और उनकी सेहत अच्छी रहे। उन्होंने खेल को जो दिया, वह बहुत खास है। उनसे जुड़ी मेरी यादें एक बेहतरीन लीडर की हैं। आप जानते हैं, इमरान लोगों को साथ लेकर चलने वाले लीडर रहा है। युवाओं को मोटिवेट करने और उन्हें आगे ले जाने की काबिलीयत है उनमें। 40 साल की उम्र में वह टीम के कप्तान बने और उन्होंने युवा टीम के साथ वर्ल्ड कप जीता।” शास्त्री ने कहा कि इमरान पाकिस्तान का वैश्विक चेहरा रहे हैं और वह बेहतर बरताव के हकदार हैं। उन्होंने पाकिस्तान सरकार से उनकी सेहत को प्राथमिकता देने की अपील की। शास्त्री ने कहा, “उम्मीद है कि वह बाहर आएंगे और उनके साथ बेहतर बरताव होगा। वह लंबे समय से जेल में हैं। मुझे राजनीति समझ नहीं आती। उन्हें जेल की कोठरी में रखा गया है। वह इसके हकदार नहीं हैं, क्योंकि वह दुनिया भर में सबसे पहचाने जाने वाले पाकिस्तानी चेहरे हैं। आप इसे पसंद करें या न करें, यही मेरी राय है।” रवि शास्त्री ने क्रिकेट में इमरान की विरासत के बारे में भी बात की और कहा कि अपनी शानदार लीडरशिप की वजह से उन्हें भारत में भी उतना ही पसंद किया जाता था जितना पाकिस्तान में। उन्होंने कहा, “मेरे साथ जो व्यक्ति आपको दिख रहा है, वह एक अद्भुत क्रिकेटर था। असल में, उन्हें सिर्फ ‘महान क्रिकेटर’ कहना कम होगा। हमारी प्रतिद्वंद्विता सम्मान पर आधारित थी। उस समय भारत और पाकिस्तान के बीच बहुत ज्यादा क्रिकेट खेला जाता था, इसलिए वह प्रतिद्वंद्विता तो थी ही। लेकिन एक क्रिकेटर के तौर पर यह व्यक्ति कुछ अलग ही था। वह एक लीडर था। लोगों का लीडर। एक शानदार ऑलराउंडर क्रिकेटर।”
