खूंटी में पूर्व पंचायत समिति सदस्य की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Crime

Eksandeshlive Desk

खूंटी : खूंटी जिले के सोयको थाना क्षेत्र में पूर्व पंचायत समिति सदस्य बुद्धदेव मुंडा उर्फ बुधु मुंडा की अज्ञात अपराधियों ने हथियार से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को उनका शव गांव से करीब चार किलोमीटर दूर नदी में स्थित एक चट्टान के पास से बरामद किया। मृतक बलंगा, बारेडीह गांव के निवासी थे और स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली व्यक्ति माने जाते थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुद्धदेव मुंडा शुक्रवार से लापता थे। उनके अचानक गायब होने के बाद परिजन और पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी बीच रविवार को नदी में एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली।

सूचना मिलते ही सोयको थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फिर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बुद्धदेव मुंडा दबंग प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और पूर्व में जेल भी जा चुके थे। हालांकि, हत्या के पीछे के कारणों का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Spread the love