कोलकाता पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, दक्षिणेश्वर काली मंदिर में की पूजा-अर्चना

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

कोलकाता : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार सुबह बीएसएफ के विशेष विमान से दिल्ली से कोलकाता पहुंचे। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट परिसर में समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी और “भारत माता की जय” तथा “जय श्री राम” के नारों से माहौल गूंज उठा।कोलकाता एयरपोर्ट पर नव निर्वाचित विधायक शुभेंदु अधिकारी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। फूल-मालाओं और पारंपरिक स्वागत के बीच अमित शाह का अभिनंदन किया गया।

कोलकाता पहुंचने के बाद अमित शाह सीधे दक्षिणेश्वरी काली मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। केंद्रीय सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस की निगरानी में पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में रखा गया। मंदिर में अमित शाह ने मां काली की विधिवत पूजा-अर्चना की और देश तथा पश्चिम बंगाल की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। अमित शाह के इस दौरे को पश्चिम बंगाल की राजनीति में बेहद अहम माना जा रहा है। अपने दौरे के दौरान वह भाजपा नेताओं के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेंगे और राज्य की राजनीतिक स्थिति, संगठन विस्तार तथा आगामी रणनीति को लेकर चर्चा करेंगे। उनके आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Spread the love