कॉप-31 में भारत ने दुनिया के सामने रखा ‘सीडीसी’ का विचार, एनडीसी के साथ नागरिकों के योगदान को भी मिले मान्यता

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन कॉप-31 में भारत की ओर से नागरिकों द्वारा निर्धारित योगदान (सीडीसी) की नई अवधारणा प्रस्तुत की गई। तुर्किये के अंताल्या शहर में 9 से 20 नवंबर तक आयोजित कॉप-31 में राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (एनडीसी) के साथ नागरिकों के स्वैच्छिक पर्यावरणीय संकल्पों को भी वैश्विक मान्यता और प्रोत्साहन देने की अपील की गई। पर्यावरण संरक्षण गतिविधि की टीम हरित भारत ने कॉप प्रदर्शनी केंद्र में आयोजित अंतरराष्ट्रीय संवाद ‘जलवायु शांति के लिए हरित मार्ग : नागरिकों द्वारा निर्धारित योगदान के माध्यम से न्यायसंगत परिवर्तन’ में यह विचार रखा। संवाद में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवनशैली) को वैश्विक स्तर पर अपनाकर जलवायु संरक्षण को जनआंदोलन बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर विद्या भवन सोसायटी, उदयपुर और पर्यावरण संरक्षण गतिविधि से जुड़े डॉ. अनिल मेहता ने कहा कि जलवायु परिवर्तन केवल पर्यावरण और तकनीक की चुनौती नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली और उपभोग की आदतों से भी जुड़ा है। देशों के जलवायु लक्ष्यों की सफलता तभी संभव है, जब नागरिक और समुदाय भी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने बताया कि भारत ने जून 2025 में बिजली की कुल स्थापित क्षमता में गैर-जीवाश्म ऊर्जा स्रोतों की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी का लक्ष्य निर्धारित समय से पांच वर्ष पहले हासिल किया। पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के संदीप बालियान ने भारतीय ज्ञान परंपरा और सामुदायिक पहलों की भूमिका बताते हुए तीन-पी पद्धति और हरित घर अभियान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश घर-घर तक पहुंचाकर उसे दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाना होगा। आईआईटी मद्रास के डॉ. शिवा नागेंद्र ने तकनीकी नवाचार और वैश्विक शैक्षणिक सहयोग पर जोर दिया। वहीं, संतोष गुप्ता ने पारंपरिक जल संरक्षण प्रणालियों, जोहड़ों, बावड़ियों और सामुदायिक वनों के महत्व को रेखांकित किया।

सीओन क्लार्क ने जलवायु संरक्षण के लिए व्यक्तिगत और आध्यात्मिक बदलाव को जरूरी बताया, जबकि राजवर्धन जोशी ने नीति निर्माण और जमीनी स्तर पर युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की वकालत की। संवाद का निष्कर्ष रहा कि जलवायु परिवर्तन से मुकाबले के लिए सरकारी नीतियों के साथ जीवनशैली में बदलाव भी जरूरी है। दुनिया के देशों से एनडीसी के साथ सीडीसी को भी प्रोत्साहित करने और मिशन लाइफ को वैश्विक अभियान बनाने की अपील की गई।

Spread the love