विधानसभा घेराव के बाद भी नहीं थमा छात्र आंदोलन, जयपाल सिंह स्टेडियम में आमरण अनशन जारी

Education

Eksandeshlive Desk

रांची: जेपीएससी-जेएसएससी प्रकरण को लेकर पिछले 18 दिनों से जारी छात्र-अभ्यर्थियों का आंदोलन मंगलवार को विधानसभा घेराव के दूसरे दिन भी जारी रहा। 10 अगस्त को विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस लाठीचार्ज और हंगामे के बाद छात्र-अभ्यर्थियों ने मंगलवार को फिर जयपाल सिंह स्टेडियम में मोर्चा संभाल लिया। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच और देवेंद्र नाथ महतो गुट से जुड़े छात्र-अभ्यर्थियों ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आमरण अनशन और सत्याग्रह जारी रखने का निर्णय लिया है।

आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि मांगें पूरी होने तक वे पीछे नहीं हटेंगे। छात्र कुणाल प्रताप सिंह ने कहा कि लाठीचार्ज के बावजूद छात्रों में एकजुटता बनी हुई है। उन्होंने बताया कि अनशनकारी राहुल कुमार की तबीयत पहले से बेहतर है, लेकिन वह अभी अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, रूपेश कुमार, सबिता कुमारी और हबीबा का आमरण अनशन जारी है। छात्र बिनोद मेहता समेत अन्य आंदोलनकारियों ने कहा कि पुलिस लाठीचार्ज और कथित बर्बरता के बावजूद उनका हौसला कम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि छात्र अब दोगुने जोश के साथ आंदोलन करेंगे और मांगें पूरी होने तक आमरण अनशन जारी रहेगा। विधानसभा मार्च के बाद मंगलवार को जयपाल सिंह स्टेडियम स्थित आंदोलन स्थल पर छात्रों की स्थिति सामान्य रही। इसी बीच आजसू प्रमुख सुदेश महतो समेत कई अन्य लोगों ने धरना स्थल पहुंचकर आंदोलनरत छात्र-अभ्यर्थियों से मुलाकात की। सुदेश महतो ने अनशनकारियों का हालचाल जाना और उन्हें समर्थन का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि वह छात्र-अभ्यर्थियों की मांगों के साथ खड़े हैं और उनके संघर्ष का समर्थन करते हैं। उधर, विधानसभा मार्च के दौरान लाठीचार्ज और हंगामे के बाद अस्वस्थ हुए छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। छात्रों के अनुसार उनकी स्थिति में हल्का सुधार है, लेकिन उन्होंने अब तक कुछ नहीं खाया है। आंदोलनकारियों ने बताया कि छात्रों की भूख हड़ताल मंगलवार को 10वें दिन भी जारी रही। उन्होंने दोहराया कि जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं से जुड़ी मांगों के समाधान तक जयपाल सिंह स्टेडियम से उनका आंदोलन जारी रहेगा।

जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच रांची सदर अस्पताल में इलाजरत छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रखने का संकल्प दोहराया है। मंगलवार को जारी खुले पत्र में देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस लाठीचार्ज और धक्का-मुक्की के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन न्याय के लिए उनका संघर्ष और संकल्प अडिग है। उन्होंने कहा कि झारखंडी छात्रों को पूर्ण न्याय मिलने तक उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी। महतो ने विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस लाठीचार्ज और बल प्रयोग की निंदा करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि अनावश्यक बल प्रयोग हुआ है तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने छात्र-युवाओं से संयम बरतने और शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखने की अपील की। महतो ने कहा कि आंदोलन छात्रों के न्याय, सम्मान, पारदर्शिता और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था के अधिकार के लिए है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, लंबे समय से जारी भूख हड़ताल के कारण उनकी शारीरिक स्थिति कमजोर हुई है। चिकित्सकों की निगरानी में उनकी आवश्यक जांच की जा रही है। सभी जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे के उपचार और चिकित्सकीय प्रबंधन को लेकर निर्णय लिया जाएगा। सुरक्षा और चिकित्सकीय कारणों से अस्पताल में उनसे मिलने आने वाले सभी लोगों को फिलहाल मुलाकात की अनुमति नहीं दी जा रही है।

Spread the love