Eksandeshlive Desk
खूंटी : पिछले एक महीने से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने खेती-बारी के काम को तो चौपट कर ही दिया है, आम जन जीवन पर भी इसका काफी प्रभाव पड़ रहा है। गत 14 जून से शुरू हुई बारिश एक महीने से लगातार जारी है। खूंटी जिले में रविवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश से नदी-नाले और खेत-खलिहान सब लबालब भर गये हैं, वहीं आम लोगों की भी मुसीबत बढ़ गई है। भारी बारिश के कारण लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। बच्चों को स्कूल जाने में भी भारी कठिनाई हो रही है। बारिश में भींग कर बच्चे बीमार भी पड़ रहे हैं। बारिश के कारण नदी-नालों कें भर जाने और दर्जनों पुल-पुलिया के ध्वस्त हो जाने के कारण कई बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। लगातार बादल गरजने और बिजली कड़कने से अभिावकों की चिंता भी बढ़ गई है। भारी बारिश के कारण सड़कों और नालियों का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। बारिश के कारण 12 से अधिक कच्चे मकान अब तक गिर चुके हैं। इस कारण कई लोगों को सिर छिपाने के लिए छत नहीं मिल रही है। समाचार लिखे जाने तक खूंटी जिले के सभी इलाकों में मूसलाधार बारिश जारी है। पूरे बाजार में सन्नाटा पसरा है। दुकानों से ग्राहक नदारत हैं। सड़कों पर वाहनों का आवागमन पर भी बारिश ने खलल डाला है। जगह-जगह जल जमाव के कारण लोगों की मुसीबत बढ़ गई है।
धान, मड़ुआ और सब्जी की खेती पर प्रतिकूल प्रभाव : बारिश के कारण कृषि कार्य भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। खेतों में लबालब पानी भर जाने से एक ओर जहां किसान धान और मड़ुआ के बीज खेतों में नहीं लगा पा रहे हैं, वहीं सब्जियां भी खेतों में सड़ रही हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के सभी जल प्रपात अपने रौद्र रूप में दिख रहे हैं। जल प्रपातों की गर्जना काफी दूर से सुनाई पड़ रही है। इसको देखते हुए प्रशासन ने पेरवांघाघ, पंचघाघ, रानी फॉल, पाडूपुड़िंग, उलूंग, चंचला घाघ सहित अन्य जल प्रपातों के पास सैलानियों के जाने पर रोक लगा दी है। स्थानीय प्रशासन भी पर्यटकों से सावधानी बरतने और जोखिम न उठाने की अपील कर रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र खूंटी के मौसम वैज्ञनिक डॉ राजन चौधरी ने बताया कि फिलहाल खूंटी के लोगों को बारिश से राहत मिलने वाली नहीं है। अगले दस दिनों तक हर रोज कहीं कम तो कहीं अधिक बारिश होगी। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को 19.2 मिलीमीटर, 16 को 25 मिमी, 17 को 13.6, 18 को 16.5, 19 को 13.7, 20 को 8.6, 21 को 14.1, 22 को 14.2, 23 को 16.5 और 26 जुलाई को 28.7 मिमी बारिश की संभावना है।
